संसदीय सचिव सुश्री शकुन्तला साहू ने मुंगेली में ध्वजारोहण किया

जिला मुख्यालय मुंगेली के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में संसदीय सचिव सुश्री शकुन्तला साहू ने ध्वजारोहण कर सलामी ली। संसदीय सचिव सुश्री साहू ने मुंगेली जिले के नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर अनेकता में हर्ष और उल्लास के प्रतीक गुब्बारे आकाश में उड़ाए गए।
कार्यक्रम में कोविड-19 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोरोना वारियर्स डॉक्टरों, पुलिस, स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री थानेश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति लेखनी सोनू चंद्राकर, मुंगेली नगर पालिका के अध्यक्ष श्री संतूलाल सोनकर और कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा, पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद कुजूर, जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी श्री रोहित व्यास तथा जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या मौजूद थे।



