राष्ट्रीय

मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा की माँग, विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बारह बजे तक स्थगित

नयी दिल्ली. लोकसभा में सोमवार को मणिपुर मुद्दे पर चर्चा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब की माँग को लेकर विपक्ष के भारी हंगामे कारण लोकसभा की कार्यवाही बारह बजे तक स्थगित कर दी गई।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरू करते ही प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी सदस्य नारेबाज़ी करते हुए सदन के बीचोबीच में आ गये और प्रधानमंत्री से सदन में आकर जवाब देने की माँग करने लगे।
अध्यक्ष ने सदन में चर्चा और संवाद की बात करते हुए कहा कि पहले प्रश्नकाल होगा फिर चर्चा होगी। उन्होंने विपक्षी सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी विषय पर कौन सदन में जवाब देगा यह आप नहीं तय करेंगे।
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य सदन की कार्यवाही बाधित करना है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा कि सरकार सदन में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष इसे लेकर गंभीर नहीं है।
अध्यक्ष ने हंगामे के बीच प्रश्नकाल शुरू किया। हंगामे और नारेबाज़ी के बीच कुछ सवालों के मंत्रियों ने जवाब दिये। श्री बिरला ने एक बार फिर लोगों से शांति बनाने की अपील की, लेकिन हंगामा अधिक बढ़ने के कारण लोकसभा की कार्यवाही बारह बजे तक स्थगित कर दी गई।

Related Articles

Back to top button