हिमाचल प्रदेश में फिर भारी बारिश, नदियां उफान पर

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भारी बारिश हो रही है, जिससे नदियां उफान पर हैं. उत्तराखंड के सात जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इधर दिल्ली में आज से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने का अनुमान हैं. मुंबई में आज भी बारिश का दौर जारी रहेगा. गुजरात में पिछले कई दिनों से भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने भारी बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए शुक्रवार को जूनागढ़ और पास के गिर सोमनाथ जिले के कुछ हिस्सों का हवाई सर्वेक्षण किया. देशभर में मॉनसून की भारी बारिश हो रही है. बारिश के बाद देश के 22 राज्यों के 235 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं.
महाराष्ट्र के पालघर, मुंबई,उपनगरीय क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है. पालघर में पिछले 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है. जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि वसई शहर में शुक्रवार शाम को नाले में गिरने से 50 वर्षीय शांताराम वायदा नामक व्यक्ति की मौत हो गई. अधिकारी ने बताया कि सोतावाडी इलाके में गिरिज के ब्रायन कार्वाल्हो (44) नामक व्यक्ति बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे नाले में गिर गया और कुछ समय बाद उसे वहां से निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कदम ने बताया कि इलाज के दौरान बृहस्पतिवार रात 10 बजे उसकी मौत हो गई. उधर, मुंबई में शुक्रवार को भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया और शहर एवं इसके उपनगरों में यातायात अवरूद्ध हो गया. शहर के ज्यादातर हिस्सों और उपनगरों में भारी बारिश हुई, जिससे अंधेरी, कुर्ला, घाटकोपर तथा चेंबूर जैसे निचले इलाकों में जलभराव हो गया. नगर निकाय के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि के दौरान पूर्वी उपनगर में 29.90 और पश्चिमी उपनगर में 27.49 मिमी बारिश हुई.
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भारी बारिश शुरू हो गई है, जिससे लोग सहम गए हैं. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शुक्रवार रात से ही भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है. ऐसे में प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है. हिमाचल ट्रैफिक, टूरिस्ट एंड रेलवे पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि राज्य के कई हिस्सों में बीती रात से भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है. कई नदियां और नाले उफान पर हैं, इसलिए सतर्क रहें. गैर जरूरी यात्रा और नदियों की यात्रा से बचें. स्थानीय मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए शनिवार को ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने 23 से 25 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट भी जारी किया है. ओडिशा में भी बारिश का दौर जारी है. शुक्रवार को बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम तीन लोग घायल हो गए और सात मकान क्षतिग्रस्त हो गए. राजस्व विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में बारिश की वजह मल्कानगिरि जिले में मोटू के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 316 के जलमग्न होने से आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना जैसे राज्यों से सड़क संपर्क कुछ समय के लिये प्रभावित हो गया. उन्होंने बताया कि बाद में सड़क पर पानी कम होने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया. अधिकारी ने बताया कि मल्कानगिरि के मैथिली ब्लॉक में साप्ताहिक बाजार के दौरान एक पेड़ की एक विशाल शाखा गिर गई, जिससे दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए. स्थानीय तहसीलदार चंदन कुमार भोई ने कहा कि उनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि मल्कानगिरि शहर में बरगद के दो पेड़ उखड़ गए और इमारतों पर गिर गए, जिससे कम से कम सात मकान क्षतिग्रस्त हो गए. परिषद के कार्यकारी अधिकारी कान्हू चरण पटनायक ने कहा, प्रभावित लोगों को स्थानीय नगर परिषद कार्यालय में आश्रय और भोजन उपलब्ध कराया गया.



