छत्तीसगढ़ :जीएस पोल्ट्री फार्म के 1 किमी का दायरा हुआ संक्रमित क्षेत्र घोषित, अब इस क्षेत्र की मुर्गे-मुर्गियों को जाएगा मारा

वही रैपिड रिस्पांस टीम संक्रमण को फैलने से रोकने करेगी आवश्यक इंतजाम
BY: RAVI BHUTDA
बालोद।जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पशु चिकित्सा विभाग अलर्ट हो गया हैं। ग्राम गिधाली के जिस पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों की मौत हुई थी। वहां के एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। अब उस क्षेत्र के अंतर्गत पोल्ट्री फार्म में मौजूद मुर्गे-मुर्गियों को मारा जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि 5 हजार से अधिक मुर्गे-मुर्गियों को मारा जाएगा। गौरतलब हो कि डौंडी विकासखंड के ग्राम गिधाली में स्थित जीएस पोल्ट्री फार्म में 9 जनवरी 210 मुर्गे-मुर्गियों की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने 5 मुर्गियों से स्वाब के नमूने लेकर राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भोपाल की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा था। शेष मुर्गियों को गांव में ही सुरक्षित तरीके से दफना दिया गया। गुरुवार की शाम भोपाल की प्रयोगशाला ने पांचों नमूनों में H-5 N-8 एविएन इनफ्लुएंजा वायरस की पुष्टि का पत्र भेजा है।इस पत्र के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। कलेक्टर जनमेजय महोबे ने बताया की संक्रमित फार्म से एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। वहां रैपिड रिस्पांस टीम संक्रमण को फैलने से रोकने के आवश्यक इंतजाम कर रही है। संक्रमित क्षेत्र में पोल्ट्री उत्पादों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। श्री महोबे ने आगे बताया कि ग्राम गिधाली के जीएस पोल्ट्री फार्म के एक किलोमीटर से 10 किमी के पूरे इलाके को निगरानी क्षेत्र घोषित किया गया है। वही प्राप्त जानकारी अनुसार आज शुक्रवार को राज्य स्तरीय रैपिड रिस्पांस टीम के साथ वरिष्ठ अफसर बालोद आ सकते हैं। सघन सर्वेक्षण के बाद संक्रमित फार्म के एक किमी के दायरे में आने वाले पोल्ट्री फार्म के मुर्गे-मुर्गियों को खत्म किया जाएगा। वहीं 10 किमी तक के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी जाएगी। वहीं प्रदेश के दूसरे जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है।



