एबी डी विलियर्स के लिए CSK का ये लीजेंड खिलाड़ी है आईपीएल का GOAT

नई दिल्ली.  रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व खिलाड़ी एबी डी विलियर्स ने हाल ही में आईपीएल के सबसे महान खिलाड़ी के नाम का खुलासा किया है। हैरानी की बात यह रही कि उन्होंने इसके लिए अपने साथी खिलाड़ी विराट कोहली का नहीं बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स के लीजेंड खिलाड़ी का नाम लिया है। Jio Cinema पर सवाल जवाब के सत्र में जब डी विलियर्स से पूछा गया कि टाटा आईपीएल का G.O.A.T. कौन है? तो उन्होंने यहां चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिया। गोट को अंग्रेजी में ग्रेट ऑफ ऑल टाइम कहते हैं।

बता दें, महेंद्र सिंह धोनी की गिनती आईपीएल के इतिहास के सबसे सफल कप्तानों के साथ बेस्ट फिनिशर में की जाती है। एमएस धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स ने कुल 4 खिताब जीते हैं और यह टीम सबसे ज्यादा बार फाइनल खेलने वाली टीम भी है।

चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 में सबसे पहली बार ट्रॉफी जीती थी और इसके अगले सीजन भी उन्होंने खिताब पर कब्जा किया था। उस समय सीएसके लगातार दो बार आईपीएल टाइटल जीतने वाली पहली टीम बनी थी।

पिछले दिनों राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुए मुकाबले में भी धोनी ने इतिहास रचा। वह आईपीएल की एक टीम के लिए 200 मैचों में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी बने। हालांकि इस मैच में सीएसके को हार का सामना करना पड़ा था।

41 साल के धोनी का यह बतौर खिलाड़ी आखिरी सीजन हो सकता है। धोनी पहले ही कह चुके थे कि वह चेपॉक के मैदान पर अपने आईपीएल करियर का आखिरी मैच खेलना चाहते हैं। दो साल बाद आईपीएल अपने पुराने रंग में लौटा है जिसमें टीमों को होम और अवे मैच खेलने का मौका मिल रहा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि धोनी इस सीजन के बाद आईपीएल को अलविदा कह देंगे। बता दें, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से धोनी ने 15 अगस्त 2020 को संन्यास लिया था।

Related Articles

Back to top button