धू-धू कर जल गया बांग्लादेश का सबसे बड़ा कपड़ा बाजार; 6 हजार दुकानें खाक

बांग्लादेश की राजधानी ढाका की कपड़ों के सबसे बड़े थोक बाजार में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग धीरे-धीरे आसपास के रिहाइशी इलाकों तक भी पहुंच गई। आग के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इससे अंदाज लगाया जा सकता है कि बाजार में कितना नुकसान हुआ होगा। वहीं जानकारी के मुताबिक 47 दमकल के वाहन आग बुझाने के लिए मौके पर प्रयास कर रहे हैं लेकिन अब तक आग पर काबू नहीं पाया गया है।
जानकारी के मुताबिक सुबह 6 बजे के करीब बाजार में आग लगी। उस वक्त ज्यादातर दुकानें बंद थीं।अब तक इस घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है लेकिन नुकसान बहुत ज्यादा हुआ है। बताया जाता है कि 6 हजार दुकानें जलकर खाक हो गईं। अब तक आग लगने की वजहों का पता नहीं चल पाया है।
बांग्लादेश में फायर सर्विस की तरफ से बताया गया है कि सूचना मिलने के दो मिनट के अंदर पहली टीम मौके पर पहुंच गई थी। इसके अलावा दुकानों के मालिक और आसपास रहने वाले लोग भी तत्काल दौड़ पड़े। लोग अपने स्टोर से सामान हटाने लगे। लेकिन हवा चलने की जगह से आग बहुत तेजी से फैल रही थी। बंगाबाजार बांग्लादेश की सबसे बड़ी बाजारों में से एक है।



