गुरु साहिबान के शताब्दी समारोह में पीएम मोदी को नहीं देंगी न्योता एसजीपीसी

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 400वें प्रकाश पर्व समेत अन्य शताब्दी समारोहों में प्रधानमंत्री को न्योता नहीं दिए जाने का फैसला किया है। यह जानकारी एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने तेजा सिंह समुद्री हॉल परिसर स्थित दफ्तर में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों को दी। 

बीबी जागीर कौर ने कहा कि एसजीपीसी पंजाब सरकार के साथ मिलकर शताब्दी समारोह का आयोजन करेगी। शताब्दी समारोहों के दौरान आयोजित धार्मिक समागम सिख पंथ की ओर से किए जाने हैं। शताब्दी समारोह के लिए आयोजित कार्यक्रमों की रूपरेखा जल्द ही तैयार कर ली जाएगी। श्री ननकाना साहिब साका के शताब्दी समारोह पर श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान जाएगा।

इस जत्थे में एसजीपीसी के सदस्य भी शामिल होंगे। गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में एक बड़ा समागम होगा। इसी शताब्दी समारोह से जुड़ा समागम अमृतसर में भी होगा। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने भी श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 400वें प्रकाश पर्व के भव्य आयोजन के लिए 70 सदस्यीय उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया है। 

1999 से लेकर अब तक सभी शताब्दी समारोहों में शामिल होते रहे हैं प्रधानमंत्री  
वर्ष 1999 में खालसा पंथ के त्रि-शताब्दी समारोह से शुरू हुए शताब्दी समारोहों में प्रधानमंत्री शामिल होते रहे हैं। बीते वर्ष श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर एसजीपीसी की ओर से सुल्तानपुर लोधी में आयोजित समागमों में पीएम मोदी शामिल हुए थे।

सुल्तानपुर लोधी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बीबी जागीर कौर ने ही पीएम मोदी को सिरोपा देकर सम्मानित किया था। यह पहला अवसर होगा कि प्रधानमंत्री गुरु साहिबान के शताब्दी समारोहों में आमंत्रित नहीं किए जाएंगे।   

कॉरिडोर खोलने में देर न करें 
बीबी जागीर कौर ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है कि गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर जल्द खोला जाए। केंद्र सरकार को संगत की भावनाओं को समझना होगा। कॉरिडोर कोरोना वायरस के कारण अस्थायी रूप से बंद किया गया था। अब हालात पहले से बेहतर हैं। देश के सभी धार्मिक स्थानों पर श्रद्धालु पहुंच रहे हैं इसलिए कॉरिडोर भी खोला जाना चाहिए। 

Related Articles

Back to top button