राष्ट्रीय

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनी रेखा गुप्ता , 6 विधायक बने मंत्री, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

रायपुर। नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई है। रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही 6 विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इनमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनलिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा पंकज कुमार सिंह और रविंद्र इंद्राज सिंह शामिल है।

 

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृह मंत्री अमित शाह सहित अनेक केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा ओैर राष्टीय जनतांत्रिक गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल हुए।

 

आरएसएस से 32 सालों का नाता

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से लंबे समय से जुड़ी 50 वर्षीय रेखा हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई। हरियाणा के जुलाना में जन्मीं रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से बीकॉम स्नातक हैं। बाद में उन्होंने मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की और एक वकील के रूप में भी काम किया।

 

रेखा गुप्ता आरएसएस से पिछले 32 साल से जुड़ीं हुई हैं। 1993 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलतराम कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरूआत की थी। वह 2002 में भाजपा में शामिल हो गईं और पार्टी की युवा शाखा की राष्ट्रीय सचिव रहीं। श्रीमती गुप्ता ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भाजपा की महिला शाखा की प्रभारी के रूप में भी काम किया है।

वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। साल 2007 में उत्तर पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए काम किया। उन्होंने सुमेधा योजना जैसी पहल शुरू कीं, जिसने आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने में मदद की।

Related Articles

Back to top button