70 समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया, सर्च ऑपरेशन में BSF की एंट्री

चंडीगढ़ । उत्तराखंड पुलिस ने खालिस्तानी नेता और भगोड़े अमृतपाल सिंह और उसके साथियों को पकड़ने के लिए मंगलवार को उधम सिंह नगर जिले में भारत-नेपाल सीमा पर गुरुद्वारों, होटलों और क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। वह अभी भी फरार है, पुलिस की गिरफ्त में नही आ पाया है। इस बीच उसके 70 समर्थकों को पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पंजाब पुलिस द्वारा उसे पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें अब बीएसएफ की भी एंट्री हो चुकी है।

  बठिंडा रेंज के एडीजीपी सुरिंदर पाल सिंह परमार ने कहा, ‘पुलिस ने अब तक बठिंडा और मनसा जिले से अमृतपाल के कुल 70 समर्थकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।’ एडीजीपी ने आगे कहा कि चार से छह लोग पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं। नाकाबंदी के दौरान बीएसएफ जवानों के साथ पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है।पंजाब में अघोषित आपातकाल: कांग्रेस विधायक
कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने कहा कि पंजाब में मौजूदा स्थिति अघोषित आपातकाल से कम नहीं है। उन्होंने हिंदी में जनता को संबोधित करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सीएम मान का भाषण स्क्रिप्टेड था, जिसे दिल्ली से तैयार किया गया।

पंजाब और केंद्र सरकार की मंशा पर कांग्रेस को संदेह
अमृतपाल सिंह के भागने के लिए पंजाब और केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए पंजाब कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘अमृतपाल सिंह पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कैसे फरार हो गया? यानी अमृतपाल को योजना की जानकारी थी। मुझे पंजाब और केंद्र सरकार दोनों की मंशा पर शक है। इसके पीछे कोई साजिश है। देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।”

आपको बता दें कि अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान का आज पांचवा दिन है। पुलिस ने लोगों से दिखाई देने पर इसकी सूचना देने की अपील की है। अमृतपाल लगातार भेष बदल रहा है, इसलिए उसकी कई तस्वीरें पुलिस ने जारी की है। पुलिस द्वारा जारी सात तस्वीरों में से किसी में उसे क्लीन शेव तो किसी में दाढ़ी वाले लुक में देखा जा सकता है। अलग-अलग पगड़ियों में भी उसकी तस्वीर जारी की गई है।

Related Articles

Back to top button