सज्जन सिंह वर्मा ने CM को लिखा पत्र, कहा- बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान, जल्द सर्वे कराकर दिया जाए मुआवजा

भोपाल। मध्य प्रदेश के कई जिलों में तूफानी बारिश और ओलावृष्टि ने ऐसी तबाही मचाई कि किसानों की उम्मीदें उजड़ गई। किसानों की फसलें चौपट हो गई। बारिश और ओलावृष्टि किसानों पर आफत बनकर टूटी है। फसल बर्बाद होने से किसान चिंतित हैं। उनकी नींद उड़ गई हैं। हालांकि प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने किसानों को मुआवजा का आश्वादन दिया है। फिर भी आसमानी आफत को लेकर प्रदेश में सियासत फुल ऑन है। कांग्रेस ने किसानों को जल्द मदद देने की मांग की है।
किसानों की फसल बर्बादी को लेकर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि शिवराज जी, पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के अनेकों क्षेत्रों में बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि होने से किसानों की तैयार फसलों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित इलाकों का तुरंत सर्वे कराकर किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए। उन्होंने आगे लिखा प्रदेश का किसान पहले से ही कर्ज में डूबा हुआ है और फसलों के उचित मूल्य ना मिलने के कारण लगातार कर्ज के तले बोझ में दबता जा रहा है।
बता दें कि होली के समय मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, देवास, धार, मुरैना समेत कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। जिससे किसानों की खड़ी फसले बर्बाद हो गईं हैं। इस कारण किसान परेशान है। हालांकि सीएम ने आज ही किसानों को जल्द सर्वे कराकर मुआवजा देने का आश्वासन दिया है



