भगत सिंह कोश्यारी कार्यकाल के दौरान जमकर विवादों में घिरे

महाराष्ट्र से विदा हो चुके पूर्व राज्यपाल रहे भगत सिंह कोश्यारी कार्यकाल के दौरान जमकर विवादों में घिरे रहे। सोमवार को उन्होंने अपने विवादों पर भी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार समेत कई नामों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने ठाकरे को ‘संत आदमी’ बताया है।

एक इंटरव्यू के दौरान जब विवादों को लेकर सवाल किया गया, तो कोश्यारी ने कहा, ‘अगर आप जनमत कराएंगे, तो महाराष्ट्र में भगत सिंह के चाहने वाले न चाहने वालों से ज्यादा मिलेंगे।’ कार्यकाल के दौरान उन्होंने किसी तरह के दबाव से भी इनकार किया है। उन्होंने कहा, ‘मेरे पर दबाव की तो बात ही मत बोलो। भगत सिंह पर दबाव होता है क्या। कभी दबाव देखा आपने मेरे ऊपर। कहां से दबाव होता है।’

उद्धव ठाकरे को बताया संत
कोश्यारी ने कहा, ‘उद्धव तो संत आदमी है। वह कहां राजनीति में फंस गया। आप जानते हैं कि क्या किस ढंग से फंस गए। चिट्ठी लिख रहे हैं पांच पेज की इसलिए बोल रहा हूं आपको…। अगर आदमी सीधा नहीं होता, सज्जन नहीं होता, राजनेता होता, शरद पवार के जैसे ट्रिक जानता होता, अनुभव होता, तो ऐसे लिखता क्या।’

राजनेताओं से संबंधों को लेकर उन्होंने कहा, ‘मेरे संबंध तो बहुत अच्छे थे। पर उनके सलाहकार कौन थे। उनके यही विधायक सब आकर कहते थे कि आप बचाइए हमको उद्धव शकुनी माना के चक्कर में फंस गए हैं। पता नहीं कौन था शकुनी मामा उनका।’

शरद पवार पर निशाना
इंटरव्यू के दौरान जब पूर्व राज्यपाल से पूछा गया कि पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आपकी शिकायत की थी। इसपर उन्होंने कहा, ‘देखो शरद पवार विरोध में हैं। वो मेरी शिकायत क्या करेंगे, हो सकता है कि कुछ और भी कर आए हों…।’ कोश्यारी महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल थे और साल 2019 से लेकर 2023 तक दफ्तर में रहे।

Related Articles

Back to top button