ज्योतिरादित्य के रायपुर दौरे पर हुआ बवाल, हिरासत में लिए गए पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा- बेरहमी से पुलिस ने पीटा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे के दौरान जमकर बवाल हुआ। सिंधिया के रायपुर पहुंचने पर वीआईपी रोड के पास कांग्रेसी काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे। इसकी सूचना पर भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंच गए और दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई। इसके बाद जेल रोड स्थित बेबीलोन IN के पास ज्योतिरादित्य को काले झंडे दिखाने पहुचे संदिग्धों पर भाजपा ने नाराजगी जताई। काले कपड़े पहने खड़े लोगों को हटाने की मांग की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से भीड़े गए।
विवाद के बीच पूर्व मंत्री राजेश मूणत भी मौके पर पहुंचे। पुलिस से उनकी तीखी बहस हुई। राजेश मूणत ने पहले तो पुलिस से क्षमा याचना भी की, लेकिन विवाद थमा नहीं बल्कि और बढ़ गया। मूणत ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि शहर में बदमाशों को रोक नहीं पा रहे हैं। शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है और हम पर जोर दिखा रहे हैं। इसके बाद माहौल और गरमा गया। मूणत के अपशब्द कहे जाने के बाद पुलिस ने उसे व शुभांकर नाम के एक भाजपा कार्यकर्ता को हिरासत में ले लिया। पुलिस पहले उन्हें सिविल लाइन थाना लेकर गई। इसके बाद विधानसभा रोड स्थित थाने में ले गई। बताया जाता है कि भाजपाइयों ने कांग्रेस के किसी एक कार्यकर्ता की पिटाई भी की है।
पूर्व मंत्री ने पुलिस द्वारा पीटने की बात कही
पूर्व मंत्री राजेश मूणत के थाने के अंदर से दो वीडियो वायरल हुए तो माहौल और बिगड़ गया। इस वीडियो में मूणत ने स्वयं व शुभांकर को थाने के अंदर लेकर आने और बेरहमी से मारपीट किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर में गुंडागर्दी चल रही है। देखिए बंधुवर इसके बाद क्या होगा? दूसरा वीडियो बनाते समय भी कह रहे हैं कि थाने के अंदर हैं और उनसे मारपीट की गई है, जिसके बाद किसी ने उनका मोबाइल छीन लिया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दो दिन पहले हुई थी विरोध की तैयारी
दरअसल इस पूरे बवाल की पटकथा 2 दिन पहले ही लिखी गई थी। 3 फरवरी को राहुल गांधी के रायपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाए गए थे। इसके जवाब में कांग्रेस नेताओं ने पहले ही तय कर लिया था कि भाजपा का कोई भी नेता रायपुर आएगा तो उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे। शनिवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रायपुर पहुंचे तब कांग्रेसी उन्हें काले झंडे दिखाने वीआईपी रोड पहुंचे। सिंधिया का जिस होटल में कार्यक्रम था, उसके बाहर भी कांग्रेसी काले झंडे दिखाने व विरोध करने पहुंच गए थे। इसी दौरान पुलिस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया।
जेल रोड में आक्रोशित हुए राजेश मूणत
जेल रोड में बहस के दौरान पूर्व मंत्री मूणत बेहद गुस्से में नजर आए। सिटी एसपी तारकेश्वर पटेल सहित पुलिस अधिकारियों से यहां तक कहा कि हमने भी 15 साल राज किया है। पुलिस के अधिकारी नरमी से पेश आते रहे। लगभग आधे घंटे तक पुलिस और पूर्व मंत्री मूणत के बीच तीखी बहस होती रही। मूणत ने पुलिस कर्मियों से यह भी कहा कि राहुल गांधी आए थे, तब हमारे कार्यकर्ताओं को पकड़ कर पीटा गया। उन्होंने वीडियो मोबाइल पर दिखाने या जिसे पीटा उसे सामने लाकर खड़ा कर देने की बात कही। इसके बाद काफी हंगामा हुआ आर पुलिस ने राजेश मूणत को हिरासत में ले लिया। पूर्व मंत्री को हिरासत में ले जाने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता लामबंद हो गए और विधानसभा थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया।



