बीजेपी हार के बाद पार्षद खरीदने में जुट गई : आप

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के चुनाव के नतीजे आने पर आप ने एमसीडी की 250 सीटों में 134 सीटों पर कब्जा किया है। वहीं भाजपा ने 104 सीटों पर जीती है। नतीजे आने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) की प्रवक्ता रीना गुप्ता ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) आप के पार्षदों को खरीदने की कोशिश में लग गई है।
गुप्ता ने कहा कि भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले लेकिन हमारे दर पर पार्षद बिकाऊ नहीं हैं का बोर्ड लगा हुआ है और दिल्ली का मेयर आम आदमी पार्टी का ही बनेगा। रीना गुप्ता (Rena Gupta) ने कहा कि भाजपा ने पहले भी दिल्ली में आप के विधायकों को खरीदने के लिए ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाया लेकिन सफल नहीं हुई।
गुप्ता ने यह आरोप टीवी चैनल आज तक के एक शो में लगाया। बता दें कि सात दिसंबर को आए एमसीडी चुनाव (MCD Election) नतीजों में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिल गया है। इसके साथ ही करीब 15 साल से एमसीडी पर चली आ रही बीजेपी की सत्ता खत्म हो गई है।
दिल्ली की 250 नगर निगम सीटों में भाजपा 104, आप 134, कांग्रेस 9 और अन्य ने 3 सीटों पर कब्जा जमाया है। बता दें कि नतीजों में आप को बहुमत मिलने के बाद आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा “भाजपा ने इस चुनाव में 400 सांसदों को लगाया, इसके साथ ही इस चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह की फोटो लगाई उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव का प्रभार जेपी नड्डा को सौंपा गया और 17 केंद्रीय मंत्रियों को इस चुनाव में प्रचार के लिए लगाया गया। इसके अलावा 8 राज्यों के मुख्यमंत्री भी मैदान में उतरे लेकिन इसके बाद भी दिल्ली की जनता ने दिल्ली के बेटे अरविंद केजरीवाल को जिताया।”



