रैपर किंग के लाइव कॉन्सर्ट में बवाल:लोगों ने स्टेज पर फेंकी कुर्सियां

रायपुर में रविवार की रात रैपर किंग के लाइव कंसर्ट में खूब बवाल हुआ। स्टेज पर लोगों ने बोतलें और जूते फेंके। भीड़ को बाहर निकलने की जगह न मिलने की वजह से भगदड़ के हालत बने। पैसे देकर कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को बाउंसर ने डंडे भी मारे। लोगों ने हंगामा कर दिया। कार्यक्रम को कुछ ही देर बाद बंद करने की नौबत आ गई।

इन बदंइतजामियों के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, इस मामले में पुलिस ने किसी पर कोई कार्रवाई अब तक नहीं की है। लोगों के बवाल के बाद कई लड़के-लड़कियां कार्यक्रम स्थल पर लगे कपड़ों को फाड़कर बैरीकेड से निकलकर भागने लगे। ये कार्यक्रम वीआईपी रोड के गौरव गार्डन में आयोजित था।

कुछ ही देर बाद सिंगर भी भागा
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बताया कि रैपर किंग काफी देर से स्टेज पर आया। इसके बाद कुछ ही गाने गाकर भाग गया। इस वजह से भीड़ बेकाबू हाे गई। लोगों ने स्टेज पर बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। कुछ युवकों ने कुर्सियां फेंकी। दो तीन लोगों को चोट भी आई। दूसरी तरफ बाउंसर्स ने घेरकर सिंगर किंग को बाहर निकाला और होटल लेकर चले गए।

लोगों ने पैसे वापस मांगे
1200 से 5 हजार रुपए तक में टिकट बेचे गए थे। 5 से 20 हजार तक के टिकट भी बिके। इसमें ड्रिंक्स और खाना परोसा जाना था। कुछ लोगों ने फैसिलिटी न मिलने की वजह से बवाल शुरू कर दिया। बाउंसर्स की बदसलूकी की वजह से कुछ गुटों में मारपीट भी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्टेज पर आकर माहौल शांत करवाने का प्रयास किया मगर 2 घंटे तक बवाल चलता रहा।

Related Articles

Back to top button