गोला गोकर्णनाथ सीट पर उपचुनाव में मतदान शुरू

लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिये गुरुवार को तय समय से सुबह 07:00 बजे मतदान शुरू हो गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक शुरुआती दो घंटे में 10.09 प्रतिशत मतदान हो गया। इस सीट पर उपचुनाव में सुबह 07:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक मतदान होगा।
गौरतलब है कि यह सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरविंद गिरि के निधन के कारण रिक्त हुयी है। भाजपा ने इस सीट पर गिरि के पुत्र अमन गिरि को उम्मीदवार बनाया है। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने विनय तिवारी काे चुनाव मैदान में उतारा है। सपा और भाजपा के उम्मीदवारों सहित इस सीट पर कुल 07 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें एक महिला प्रत्याशी भी शामिल है।
इस सीट पर 3.91 लाख मतदाता कल अपने मताधिकार का प्रयाेग कर सकेंगे। इनमें 2.06 लाख पुरुष और 1.85 लाख महिला मतदाताओं के अलावा 25 मतदाता तृतीय लिंग के हैं। अायोग के अनुसार मतदान के शुरुआती दो घंटों में 10.09 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।
मतदान पर नजर रखने के लिये एक व्यय प्रेक्षक और एक सामान्य प्रेक्षक तैनात किये गये हैं। मतदान के लिये 222 मतदान केन्द्रों पर 441 मतदेय स्थल बनाये गये हैं।



