रायपुर : जीके फोर्ड सरोना – कर्मचारी विनय शंकर शुक्ला हत्याकांड का खुलासा

# प्रेमी के साथ रीवां से रायपुर आकर युवती ने की थी पति की हत्या
# पति विनय शंकर शुक्ला की हत्या की आरोपी पत्नी कंचन शुक्ला
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH : रायपुर, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डीडीनगर थाना क्षेत्र के बीएसयूपी कालोनी सरोना के ब्लाक नंबर 5 के मकान नंबर 3 में रह रहे विनय शंकर शुक्ला की हत्या उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ रीवां से आकर की थी। पुलिस ने घटना के दो दिन के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी कंचन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके प्रेम की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक रीवां के आजाद नगर बजरंग नगर निवासी विनय शंकर शुक्ला रायपुर में सरोना स्थित जीके फोर्ड में नौकरी करता था। वह सरोना में ही सालासर ग्रीन के पीछे स्थित बीएसयूपी कालोनी के ब्लाक नंबर 5 के मकान नंबर 3 में रहता था।
10 दिसंबर 2020 को घर के भीतर विनय का शव पड़ा होने और दरवाजे में बाहर से ताला बंद होने की जानकारी डायल 112 पर भतीजी हर्षिता शुक्ला ने दी थी। डीडीनगर थाने की पुलिस ने टीआई सुश्री योगिता खापर्डे की अगुवाई में प्रकरण की खोजबीन शुरू की तो पता चला कि विनय शंकर शुक्ला की उसकी पत्नी कंचन शुक्ला से बनती नहीं थी। 8 दिसंबर की शाम कंचन शुक्ला अपने प्रेमी हरिओम कुशवाहा के साथ रीवां से रायपुर पहुंची और जीके फोर्ड में जाकर विनय शंकर शुक्ला से मुलाकात की। विनय शंकर वहां से पत्नी और उसके प्रेमी को लेकर अपने कमरे पर आया। यहां पत्नी कंचन ने प्रेमी हरिओम के साथ मिलकर विनय शंकर शुक्ला की हत्या कर दी और उसका मोबाइल लेकर दरवाजे में बाहर से ताला बंद कर वापस रीवां लौट गये।
काल डिटेल सर्च की तो कंचन की गतिविधि संदिग्ध पायी गयी
कंचन ने खुद के रीवां आने की जानकारी घर वालों को भी नहीं दी थी। कंचन ने ही भतीजी हर्षिता को फोनकर विनय के कमरे में कुछ दिनों से ताला बंद होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने फोन की काल डिटेल सर्च की तो कंचन की गतिविधि संदिग्ध पायी गयी। पुलिस टीम ने रीवा पहुंचकर कंचन को गिरफ्तार कर लिया और कड़ाई से पूछताछ की तो कंचन ने पूरी कहानी बता दिया। हरिओम अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।




