श्रीलंका ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया, निसांका का नाबाद अर्धशतक

श्रीलंका ने पाकिस्तान को सुपर फोर के आखिरी मुकाबले में 5 विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान को श्रीलंका ने सिर्फ 121 रन पर समेट दिया था। इसके जवाब में श्रीलंका ने 18 गेंद शेष रहते 5 विकेट पर 124 रन बनाकर ये मैच अपने नाम किया। पाकिस्तान ने 122 रनों लक्ष्य को डिफेंड करते हुए दूसरी पारी की शानदार शुरुआत की और पहले दो ओवर में दो विकेट लिए। मोहम्मद हसनैन ने कुशल मेंडिस को, जबकि हारिस रऊफ ने दनुष्का गुनतिलक को शून्य रन पर पवेलियन लौटाया। धनन्जय डी सिल्वा (09) का विकेट गिरने के बाद क्रीज़ पर आए भानुका राजपक्षे ने 19 गेंदों पर दो छक्कों की बदौलत 24 रन बनाकर सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका के साथ 51 रन की साझेदारी की और मैच को श्रीलंका की झोली में डाल दिया। 

इसके अलावा कप्तान दसुन शनाका ने 16 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 21 रन की बनाए। हसरंगा ने तीन गेंदों पर 10 रन बनाये और चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। पाकिस्तान और श्रीलंका दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले फाइनल के लिए रविवार को एक बार फिर आमने-सामने होंगी। 

इससे पहले श्रीलंका ने वानिंदू हसरंगा (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान को एशिया कप 2022 में शुक्रवार को 121 रन पर ऑलआउट किया। हसरंगा ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाकर चार ओवर में सिर्फ 21 रन दिए और कप्तान बाबर आजम सहित तीन बल्लेबाजों को आउट किया। महीष तीक्षणा ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिए जबकि धनंजय डी सिल्वा और चमिका को करुणारत्ने को एक-एक विकेट हासिल हुआ। 

टी20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण कर रहे प्रमोद मदुशंका ने मोहम्मद रिज़वान सहित दो बल्लेबाजों को आउट किया, हालांकि वह 2.1 ओवर में 21 रन देकर थोड़े महंगे साबित हुए। पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट चौथे ओवर में रिजवान (14) के रूप में गंवाया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे फखर जमान ने अपनी संघर्ष से भरी पारी में 18 गेंदों पर 13 रन बनाये और रनगति बढ़ाने के प्रयास में आउट हो गए। बाबर ने पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक 30 रन बनाए, हालांकि उन्होंने इसके लिए 29 गेंदें खेलीं। 

11वें ओवर में बाबर के आउट होने के बाद पाकिस्तान के विकेटों की झड़ी लग गई और उसने अगले नौ ओवरों में सात विकेट गंवाए। इस दौरान पाकिस्तान ने सिर्फ 53 रन जोड़े, जिसमें 26 रन का योगदान मोहम्मद नवाज़ ने दिया। नवाज ने 18 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की बदौलत 26 रन बनाकर अपनी टीम को 121 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। 

Related Articles

Back to top button