बर्थडे पार्टी में आए बिन बुलाए मेहमानों ने युवक को छत से नीचे फेंका

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जन्मदिन की पार्टी के दौरान आए कुछ बिन बुलाए मेहमानों ने युवक को छत से नीचे फेंक दिया। घटना में 24 साल के शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मृतक अपने दोस्त की पार्टी में आया हुआ था। हत्या के आरोप में गुरुवार को आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना 31 अगस्त और एक सितंबर की दरम्यान रात को चंपा थाना क्षेत्र की श्रीकृष्ण तुलसी धर्मशाला में घटित हुई।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान कमलेश्वर देवांगन के तौर पर हुई है। वह अपने दोस्त बिन्नी देवांगवान की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए आया था। अधिकारी ने कहा कि जब पार्टी चल रही थी, जिसमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं, किरण सारथी और मनीष सारथी जिन्हें पार्टी में कोई नहीं जानता था, बिन बुलाए आए और डांस करने लगे।

जब कमलेश्वर और कुछ अन्य लोगों ने इसका विरोध किया तो उन दोनों का मृतक से झगड़ा हो गया और उन्होंने अपने छह दोस्तों को मौके पर बुला लिया। अधिकारी ने कहा कि आठों आरोपियों ने कमलेश्वर और उसके दोस्तों को पीटना शुरू कर दिया और जैसे ही उसने छत पर भागने की कोशिश की, उन्होंने उसे पकड़ लिया और वहां से नीचे फेंक दिया। कमलेश्वर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मनीष, किरण और छह अन्य को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button