भोपाल में की चौकीदार की पांचवीं हत्या

भोपाल । सागर में सिलसिलेवार चार चौकीदारों की हत्या करने वाले सिरफिरे कातिल ने पुलिस गिरफ्त में आने से पहले भोपाल में भी एक चौकीदार को मौत की नींद सुला दिया। वारदात को उसने खजूरी सड़क थाना इलाके में गुरुवार–शुक्रवार की दरमियानी रात को एक मार्बल की दुकान में अंजाम दिया था। उसने दुकान में रखे छोटे मंदिर बनाने के लिए रखे मार्बल के छोटे पिलर से चौकीदार के सिर पर वार किया था। हत्या करने के बाद वह चौकीदार का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था। सागर पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गर्इ है। उसके ऊपर सागर पुलिस ने इनाम भी घोषित किया हुआ था।
खजूरी सड़क थाना पुलिस ने मुताबिक सागर पुलिस जिले में हुर्इ चौकीदारों की चार हत्याओं के मामले में सीरियल किलर की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे लालघाटी के पास से संदेह के आधार पर एक युवक का हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने सागर में चौकीदारों की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपित की पहचान शिव प्रसाद धुर्वे के रूप में हुई। वह सागर के केसली का रहने वाला है। पुलिस उसे लेकर सागर के लिए रवाना हो गई।



