पत्थर से कुचलकर युवक की हत्या कर, शव को नाले में फेका

बिलासपुर: कोटा थाना क्षेत्र में युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. लाश के पास ही एक पत्थर भी मिला है. पत्थर पर खून के निशान भी मिले हैं. कोटा पुलिस ने आशंका जताई है कि पत्थर से कुचलकर युवक की हत्या की गई है और फिर शव को नाले में फेंक दिया गया है. इस मामले में पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर इसकी जांच कर रही है.
बिलासपुर में खून से लथपथ लाश मिली: कोटा पुलिस को सूचना मिली कि कोटा क्षेत्र के ग्राम घोड़ामार में एक युवक की लाश देखी गई है. लाश पर खून के निशान है. लाश नाले में पड़ा हुआ था. इसकी जानकारी बीजा गांव के लोगों ने तखतपुर पुलिस को दी. इस पर तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई. मामला कोटा थाना क्षेत्र का होने के कारण कोटा थाना प्रभारी और स्टाफ भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया. युवक के पेंट के जेब से मिले पहचान पत्र से मृतक की पहचान शैलेश श्रीवास उम्र 32 साल निवासी बेलपान गांव के रूप में हुई. मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले और पास में ही खून से सना हुआ एक पत्थर भी मिला है. पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है. पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या पत्थर से कुचलकर की गई है और बाद में उसे नाले में फेंक दिया गया है.
आदतन बदमाश था युवक: युवक की हत्या के मामले में पुलिस सूक्ष्मता से जांच कर रही है. घटनास्थल पर पुलिस को युवक की बाइक भी मिली है. जिसके बाद पुलिस युवक को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था इसकी जांच कर रही है. साथ ही उसके परिवार का भी बयान लिया जा रहा है. पुलिस गांव में भी लोगों का बयान दर्ज कर रही है. युवक के विषय में पुलिस ने बताया “वह आदतन बदमाश था. अक्सर लोगों से लड़ाई झगड़ा करता था. उसका गांव के कई लोगों से विवाद रहा है. इसके अलावा गांव में विवादित रहता था. इसके कारण भी हो सकता है कि युवक की किसी ने हत्या की हो. मामले में पुलिस लोगों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि हत्या का कारण और किस तरह से की गई है इसकी जानकारी हो सके.”



