अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी को दिया जवाब, बताया पुण्य का काम

नई दिल्ली. दिल्लीवासियों को मुफ्त सुविधाएं देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अपने देश के बच्चों को मुफ्त और अच्छी शिक्षा देना और लोगों का अच्छा और मुफ्त इलाज करवाना – इसे मुफ्त की रेवड़ी बांटना नहीं कहते। इसे देश की नींव रखना कहते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अपने देश के बच्चों को मुफ्त और अच्छी शिक्षा देना और लोगों का अच्छा और मुफ्त इलाज करवाने को मुफ्त की रेवड़ी बांटना नहीं कहते। हम एक विकसित और गौरवशाली भारत की नींव रख रहे हैं। ये काम 75 साल पहले हो जाना चाहिए था।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 18 लाख बच्चे पढ़ते हैं। देशभर में सरकारी स्कूलों का बेड़ा गर्क था वैसे ही दिल्ली के सरकारी स्कूलों की हालत थी। 18 लाख बच्चों का भविष्य बर्बाद था। आज हमने अगर इन बच्चों का भविष्य ठीक किया तो मैं क्या गुनाह कर रहा हूं?

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये फ्री की रेवड़ी क्या होती हैं मैं आपको बताता हूं। एक कंपनी ने कई बैंकों से हजारों करोड़ रुपयों का लोन लिया और सारे पैसे खा गए। बैंक दिवालिया हो गया और उस कंपनी ने एक राजनीतिक पार्टी को कुछ करोड़ों रुपये का चंदा दे दिया और उस कंपनी के खिलाफ सरकार ने कोई एक्शन नहीं लिया। ये फ्री की रेवड़ी बांटना होता है।

हम एक-एक चीज में पैसा बचाकर जतना की भलाई के काम करते हैं। कैग की रिपोर्ट के अनुसार 2015 के बाद से जब से हमारी सरकार आई है तब से दिल्ली का बजट फायदे में चल रहा है। हमने जनता पर एक रुपये टैक्स भी नहीं बढ़ाया और सुविधाएं भी मुफ्त दे रहे हैं। 

Related Articles

Back to top button