आप ने संपर्क किया था, टीएस सिंहदेव बोले- मैं कांग्रेस में हूं और बना रहूंगा, भाजपा वाले मुझे कभी नहीं बनाएंगे मुख्यमंत्री

पंजाब में कांग्रेस को साफ कर सत्ता तक पहुंची आम आदमी पार्टी (आप) छत्तीसगढ़ में भी सियासी खेला की गुंजाइश बना रही है। किसी समय मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे प्रदेश के कद्दावर नेता टीएस सिंहदेव ने मीडिया के सामने स्वीकार किया है कि आम आदमी पार्टी ने उनसे संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल से मेरी मुलाकात कभी नहीं हुई है, लेकिन उनके लोगों का मुझ तक संदेश जरूर आया था। मैं कांग्रेस में हूं और बना रहूंगा । 

ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पद का फार्मूला फेल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में इस बात पर चर्चा जोरों पर थी कि टीएस सिंहदेव कांग्रेस छोड़कर किसी अन्य पार्टी में जा सकते हैं। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिंहदेव ने इन सारी चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। सिंहदेव ने कहा, मैं कांग्रेस में हूं और हमेशा रहूंगा। पार्टी बदलने के सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि मैं ‌BJP में कभी नहीं जाऊंगा। मेरे परिवार की पांच पीढ़िया कांग्रेस के साथ रही। कांग्रेस के बाहर जाने का मैं सोच भी नहीं सकता। ‌‌BJP को लेकर उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत नहीं बल्कि वैचारिक रूप से जिस दल से मेरी असहमति कदम-कमद पर रही वहां कभी विधायक, मंत्री या जनप्रतिनिधि बनकर काम नहीं कर सकता। मजाकिया लहजे में सिंहदेव ने कहा कि वैसे भी बीजेपी वाले मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे।

ढाई-ढाई साल पर कहा- अभी नहीं बोल पाऊंगा
सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में हम सबने भाग लिया। घोषणा पत्र में पहल की, लोगों से मिला। पार्टी चुनाव में जीत कर आई। इसके बाद मुख्यमंत्री के लिए 4 लोगों को दिल्ली बुलाया गया, जिसमें चरणदास महंत, ताम्रध्वज साहू, भूपेश बघेल भाई और मैं शामिल रहा हूं। सभी दरवाजे तक पहुंच गए थे और यह तय था 4 में सिर्फ एक को मौका मिलेगा। वहां जो चर्चा हुई और उसके बाद जो परिस्थितियां बनी। ढाई-ढाई साल को लेकर मीडिया में भी यह बात चलती रही। उसका क्या आधार रहा इस पर अभी नहीं बोल पाऊंगा। 

छत्तीसगढ़ में ‘आप’  तीसरा विकल्प नहीं है
सिंहदेव ने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से अनुशासन प्रिय हूं और पार्टी के अनुशासन को तरजीह देता हूं। इसलिए इस मुद्दे पर आज नहीं बोल पाऊंगा और कल का पता नहीं। उन्होंने कहा कि ‘ढाई-ढाई साल’ तो अब इतिहास के पन्नों में चली गई। परिवर्तन होगा या नहीं यह हाईकमान पर निर्भर है। सिंहदेव ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली के बाद पंजाब में जीत और अब छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ने पर कहा कि उन्हें नहीं लगता कि छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी का कोई असर है। राज्य में फिलहाल आप तीसरा विकल्प नहीं है। सिंहदेव ने अपने जीएसटी, स्वास्थ्य विभाग सहित अपने विभागों के कामकाज को लेकर बातें भी कही।

Related Articles

Back to top button