दंतेवाड़ा जिले में पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़, मोर्चा सम्हाला DRG जवानों ने

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में शुक्रवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। किरंदुल थाना क्षेत्र के बैलाडीला पहाड़ियों की तराई इलाके में यह फायरिंग हुई है। बड़ी संख्या में माओवादियों के जमावड़े की सूचना पर डीआरजी जवान सर्चिंग पर निकले थे। जवान अभी मौके पर मौजूद हैं। रुक-रुक कर फायरिंग होने की भी खबर है।

दंतेवाड़ा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि किरंदुल थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) जवानों को रवाना किया गया था। जवान सर्चिंग पर पहाड़ी के तराई इलाके के बेचापाल गांव पहुंचे तो माओवादियों ने फायरिंग झोक दी। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। एसपी ने बताया कि सभी जवान सुरक्षित हैं। जवान एरिया की सर्चिंग में लगे हैं। जवानों के आने के बाद और जानकारी मिल पाएगी।

दो दिन पहले 3 लाख का इनामी नक्सली हुआ था ढेर
बता दें कि दंतेवाड़ा पुलिस ने दो दिन पहले मुठभेड़ में 3 लाख रुपये के इनामी नक्सली को मार गिराया था। मुठभेड़ में मारे गए माओवादी की पहचान लखमा कवासी के रूप में हुई थी। उक्त नक्सली दरभा डिविजन कमेटी के प्लाटून नंबर 31 का सदस्य था। जवानों ने हथियार समेत विस्फोटक सामान भी बरामद किया था। पिछले महीने भी पांच-पांच लाख रुपये के इनामी नक्सलियों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था।

Related Articles

Back to top button