छत्तीसगढ़: CAF जवान की हत्या कर नक्सलियों ने शव को सड़क पर फेंका, गांव वालों को लूटने का लगाया इल्जाम

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर माओवादियों ने एक जवान की हत्या कर दी। मृतक छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (सीएएफ) 22वीं बटालियन का जवान था। नक्सलियों ने जवान का अपहरण कर हत्या के बाद शव गंगालूर, रेड्डी मार्ग पर फेंक दिया। पुलिस के अनुसार सीएएफ जवान अर्जुन कुडि़यम मानसिक रूप से पीड़ित था तथा एक महीने से अवकाश पर था। बीजापुर पुलिस अधीक्षक कमलोचन कश्यप ने इसकी पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने गंगालूर थाना क्षेत्र में घटना को अंजाम दिया है। गंगालूर एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए शव के पर्चा भी छोड़ा है। मृत जवान का नाम अर्जुन कुडियम (25 वर्ष) है और वह बीजापुर जिले के ग्राम धनोरा का रहने वाला था। जवान की नक्सलियों ने धारदार हथियार से हत्या की है।
गंगालूर थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि रेड्डी मार्ग पर जवान का शव बरामद किया गया है। नक्सलियों ने आरोप लगाया है कि यह जवान गांव में हत्या और संपत्ति की लूटपाट में शामिल था। माओवादियों ने जवान को मारकर उसके शरीर पर पत्थर से दबाकर पर्चा भी छोड़ा है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
लगातार घटना को अंजाम दे रहे नक्सली
बीजापुर जिले में माओवादी लगातार हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। नक्सली जन अदालत, घर से उठाकर ले जाने और हत्या करने सहित कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। कुछ दिनों पूर्व नक्सलियों ने इंजीनियर व मित्री का अपहरण किया था, जिसे 5 दिनों बाद छोड़ दिया था।
वहीं दो दिन पहले नक्सलियों ने दंतेवाड़ा जिले में भांसी स्टेशन के समीप मालगाड़ी के इंजन में आग लगा दी थी। नक्सलियों ने ड्राइवर को उतारकर नक्सली चालक और सहायक से दो वॉकी-टॉकी लूटकर ले गए थे। माओवादी इस घटना के बाद किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल लाइन 24 घंटों बाद बहाल हुआ था।



