मशहूर संगीतकार बप्पी लहरी का निधन,गुरुवार को होगा अंतिम संस्कार

नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर बप्पी लहरी पिछली रात अचानक इस दुनिया को अलविदा कह गए. उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली. बताया जा रहा है कि ओएसए की वजह से उनके फेफड़ों में काफी कार्बन डाई आक्साइड जमा हो जाता था. बप्पी दा के देहांत की खबर सामने आते ही पूरे हिंदुस्तान समेत दुनियाभर में मौजूद उनके फैंस में गम की लहर दौड़ गई. सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले उनको अपने-अपने तरीके से श्रद्धांजलि पेश कर रहे हैं.
अधूरी रह गई बप्पी दा की यह ख्वाहिश
बप्पी दा को उनके पूरे सफर में कई बड़े-बड़े अवार्ड मिले हैं. लेकिन एक अवार्ड ऐसा था जिसकी तमन्ना को ही वो अपने साथ ले गए. दरअसल बप्पी दा की तमन्ना थी कि ग्रैमी अवार्ड जीतें. इससे संबंधित बात करते हुए बप्पी दा ने बीबीसी ने कहा था,”मैंने कई अवार्ड जीते, पर ग्रैमी आजतक नहीं जीत पाया.” बप्पी दा ने उस समय बात करते हुए बताया था,”मैंने अबतक पांच बार ग्रैमी में एंट्री भेजी है.” बता दें कि बप्पी दा के संगीत को हॉलीवुड में भी इस्तेमाल किया गया.
सियासत में भी रखा था कदम
बप्पी लहरी के इस दुनिया से जाने के बाद सोशल मीडिया और मीडिया पर उनकी जिंदगी के कई पहलुओं पर बात की जा रही है. इसी कड़ी में हम आपको उनके सियासी सफर के बारे में बताने जा रहे हैं. जी हां बप्पी लहरी ना सिर्फ बॉलीवुड बल्कि सियासत में दिलचस्पी रखते थे. सबसे पहले बप्पी लहरी ने साल 2004 में कांग्रेस के लिए कैंपेन किया था हालांकि उनका रुख बाद में भाजपा की तरफ हो गया था और 2014 में मुकम्मल तौर पर सियासत में आने की कोशिश की थी. उन्होंने 2014 में ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था.
2014 में इस सीट से लड़ा था चुनाव
भाजपा में शामिल होने का बाद बप्पी दा ने कहा था कि देश में नरेंद्र मोदी की लहर है. साथ ही उन्होंने कहा था कि वो पार्टी को अपने राज्य पश्चिम बंगाल में मजबूत करने की कोशिश करेंगे. बप्पी दा ने आगे कहा, “2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने बप्पी लहरी को हुगली ज़िले के श्रीरामपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था लेकिन वह चुनाव हार गए थे.” इस मौके पर उन्होंने 2004 में कांग्रेस के लिए किए गए कैंपेन को याद करते हुए कहा कि आज से 10 साल पहले कांग्रेस की लहर थी.
संगीत के शौकीन हैं पीएम मोदी: बप्पी दा
इससे इतर उन्होंने बीबीसी से बात करते हुए पीएम मोदी को लेकर कहा था मैं उनका करीबी दोस्त हूं. मैं उनके पास जाता रहता हूँ. उन्हें संगीत का बड़ा शौक है और हमेशा संगीत के बारे में पूछते रहते हैं. उनको ड्रम बजाने का बहुत शौक है.



