नक्सलियों ने बीजापुर में पुल बना रही निजी कंपनी के एक इंजीनियर और कर्मचारी का अपहरण किया

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने शुक्रवार को एक नदी पर पुल का निर्माण करने वाली निजी कंपनी के एक इंजीनियर और एक अन्य कर्मचारी का अपहरण कर लिया।
बस्तर रेंज के आईजीपी (पुलिस महानिरीक्षक) सुंदरराज पी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार इंजीनियर अशोक पवार (38) और कर्मचारी आनंद यादव (27) को नक्लियों ने बेद्रे-नुगुर गांवों के पास निर्माण स्थल अपहृत किया है। दोनों मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं।
आईजीपी ने कहा कि इंद्रावती नदी पर एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी पुल का निर्माण कर रही है। उनका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
बता दें कि पिछले साल नवंबर में बीजापुर में ही नक्सलियों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की एक परियोजना पर काम कर रहे एक उप-इंजीनियर और एक चपरासी का अपहरण कर लिया था। चपरासी को दो दिन बाद छोड़ दिया गया था। वहीं, उप-इंजीनियर को नक्सलियों ने पांच दिन बाद कैद से रिहा किया था



