नौकरी लगाने का देता था झांसा खुद को अपर कलेक्टर बताकर, 23.65 लाख बेरोजगारों से ठगे, दो इनोवा कार खरीदी ठगी की रकम से

छत्तीसगढ़ में बेरोजगारों से ठगी का शातिराना तरीका सामने आया है। आरोपी खुद को अपर कलेक्टर बताकर शिक्षित बेरोजगारों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगता था। आरोपी ने कई बेरोजगारों से 23.65 लाख रुपये ठग लिए और ठगी के रुपयों से दो इनोवा कार अपने भाई के नाम पर खरीद लिया। आरोपी उसी गाड़ी में घूमता, बेरोजगार युवकों से मिलता और रौब दिखाता था। गाड़ी को अफसरों के वाहनों की तरह चकाचक रखता था, ताकि किसी को शक न हो। आरोपी सरगुजा जिले का निवासी है और वह डेढ़ साल से फरार था। पुलिस उसे जशपुर से गिरफ्तार कर रायपुर लेकर आई है। पुलिस और भी लोगों से ठगी की आशंका जताते हुए आरोपी से पूछताछ कर रही है। 

रायपुर की पंडरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने कई जिलों के शिक्षित बेरोजगारों को ठगी का शिकार बनाया है। आरोपी मुजाहिद अनवर उर्फ एमडी अनवर अपने आपको अंबिकापुर का अपर कलेक्टर निर्मल तिग्गा बताता था। आरोपी अनवर ने प्रार्थी सर्वेश्वर साय पैकरा के मोबाइल नंबर पर अप्रैल-2020 में फोन किया। इसके बाद फोन पर बात होने लगी। आरोपी फोनकर कर हाल चाल पूछा करता था। इसी दौरान छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, बलरामपुर, सरगुजा एवं जशपुर में जिले में डाटा एंट्री ऑपरेटर, कलर्क, भृत्य एवं वाहन चालक पद पर सीधी भर्ती निकली। कुल 1380 पदों पर भर्ती होनी थी। आरोपी ने खुद को अपर कलेक्टर बताते हुए सर्वेश्वर को युवाओं को नौकरी लगाने का झांसा दिया। उन्होंने कहा कि नौकरी के लिए रुपये देने होंगे। 

नौकरी नहीं मिलने के बाद थाने पहुंचा मामला 
आरोपी ने सर्वेश्वर पैकरा को झांसे में लिया और पढ़े-लिखे शिक्षित बेरोजगार तथा नाते रिश्तेदारों का नाम पता भेजने तथा प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग रकम की बात बताई। प्रार्थी सर्वेश्वर पैकरा ने अपने नाते रिश्तेदारों व परिचित कुल 20 लोगों से रुपये लेकर 23 लाख 65 हजार 207 रुपये नौकरी लगाने के लिए आरोपी को दे दिए। आरोपी मुजाहिद लगातार कई महीनों तक बेरोजगार युवकों को नौकरी का दिलासा देता रहा। रुपये देने के बाद भी नौकरी नहीं लगने पर यह मामला रायपुर थाने तक पहुंचा था। आरोपी ने धोखाधड़ी से प्राप्त रकम से दो इनोवा गाड़ी अपने भाई के नाम से खरीदा और दोनों गाड़ियों की साज सज्जा व रखरखाव में रुपये खर्च कर दिए। पुलिस ने दोनों इनोवा कार आरोपी के भाई से जब्त किया है।

Related Articles

Back to top button