ASI की लाश मिली होटल के कमरे में फंदे पर लटकी, दो दिन पहले SP ने किया था लाइन अटैच, पुलिस कर रही जांच

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ASI ने शनिवार को भिलाई के एक होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दुर्ग निवासी एएसआई फारुख शेख (50 वर्ष) को दो दिन पहले ही छावनी थाने से दुर्ग एसपी ने लाइन अटैच किया था। डिप्रेशन की वजह से आत्महत्या करने की बातें कही जा रही है। छावनी थाना की पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर मरच्युरी भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच के बाद ही कुछ कहने की बात कह रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक छावनी थाना इलाके में न्यू वसंत टाकीज के पास स्थित सुविधा लॉज में एएसआई फारुख शेख ने खुदकुशी की है। बीती रात वह लॉज में ठहरने आए थे। शनिवार दोपहर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो लॉज के स्टाफ ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सीएसपी कौशलेंद्र पटेल और टीआई विशाल सोन के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले आवाज लगाई। अंदर कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर दरवाजा थोड़ा तब एएसआई फारुख शेख फंदे पर लटका मिला।
डिप्रेशन में आत्महत्या की बातें कही जा रही
फारूख शेख भिलाई के छावनी थाना में ASI के पद पर पदस्थ था। शिकायतें मिलने के बाद दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव ने ASI को लाइन अटैच कर दिया था। खबर है कि लाइन अटैच होने के बाद से एएसआई डिप्रेशन में था। पुलिस इस मामले में जांच के बाद ही कुछ कहने की बात कह रही है। फिलहाल होटल में पुलिस की टीम जांच कर रही है। एएसआई ने आत्महत्या क्यों की है, इसका सही कारण पता नहीं चल पाया है। एएसआई सालभर से छावनी थाने में पदस्थ था। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना भेज दी है।



