तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से मगरलोड जनपद पंचायत अध्यक्ष के पुत्र की मौत

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ में टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार जनपद अध्यक्ष के पुत्र की मौत हो गई। वहीं कार के परखच्चे उड़ गए। यह दर्दनाक हादसा ग्राम भरदा-परसवानी मार्ग में हुआ है। यहां सड़क निर्माण का काम भी चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। मगरलोड पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। इस घटना से मगरलोड नगर में शोक की लहर है।
मगरलोड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 दिसंबर की रात ग्राम रांकाडीह निवासी सौरभ ठाकुर (22 वर्ष) पुत्र दिवाकर ठाकुर अपनी आर्टिका कार में सवार होकर निजी काम से मगरलोड आया हुआ था। काम निबटाकर अपने घर रांकाडीह को निकला था। रात करीब 9.30 बजे भरदा से कुछ दूर पर ग्राम परसवानी मार्ग में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दो कौहा पेड़ में जा टकराई। कार में सवार जनपद अध्यक्ष के पुत्र सौरभ ठाकुर गंभीर रूप से घायल घायल हो गया था। घटना की सूचना पर मगरलोड थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
सिर में गंभीर चोट लगने से मौत
मगरलोड थाना के एएसआई दक्ष कुमार साहू ने बताया कि घायल सौरभ ठाकुर को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक सौरभ ठाकुर के सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई है। 20 दिसंबर की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए शव स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस मर्ग कायम कर आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि मृतक युवक मगरलोड जनपद पंचायत अध्यक्ष ज्योति दिवाकर ठाकुर के पुत्र है।



