शाजिया इल्मी और प्रेम शुक्ला बने राष्ट्रीय प्रवक्ता, यूपी चुनाव में मिल सकता है फायदा

मीडिया में बहस के दौरान भाजपा का मजबूती से पक्ष रखने वाले प्रेम शुक्ला को पार्टी ने अपना राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त कर दिया है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से संबंध रखने वाले प्रेम शुक्ला ‘दोपहर सामना’ अखबार के लंबे समय तक संपादक रहे हैं। मुंबई के साथ यूपी में सामाजिक-राजनीतिक रूप से हमेशा सक्रिय रहे हैं। पूर्वांचल का लोकप्रिय ब्राह्मण चेहरा होने के कारण उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका लाभ मिल सकता है। प्रेम शुक्ला के साथ शाजिया इल्मी को भी राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है।

गौर करने वाली बात है कि भाजपा ने हाल ही में उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में भी पूर्वांचल के ब्राह्मण चेहरे अजय मिश्रा को जगह दी गई है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में भी मंत्रिमंडल विस्तार होने की संभावना जताई जा रही है। इसमें भी एके शर्मा और कांग्रेस से भाजपा में आए जितिन प्रसाद सहित कुछ चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पार्टी ने हाल ही में किए गए संगठन विस्तार में भी कई ब्राह्मण नेताओं को जगह दी है।     

सभी दल ब्राह्मणों को साधने की कोशिश में
उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव देख इस समय सभी पार्टियां ब्राह्मणों को लुभाने की कोशिश कर रही हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की नेता मायावती भी इस समय ब्राह्मणों को अपने साथ लामबंद करने की कोशिश कर रही हैं। पार्टी नेता सतीश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में बसपा यूपी के हर जिले में ब्राह्मण सम्मेलन कराकर उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) ने कहा है कि वह टिकटों की भागीदारी में ब्राह्मणों का पूरा ख्याल रखेगी। कांग्रेस भी संगठन में अहम पद देकर ब्राह्मणों का अपना पुराना वोट बैंक वापस पाने की कोशिश कर रही है।

शाजिया ने जताया भाजपा नेतृत्व का आभार

भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए जाने के नियुक्ति पत्र को ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ‘आधिकारिक प्रवक्ता बनने का दायित्व देने के लिए मैं आपके प्रति बेहद शुक्रगुजार हूं। धन्यवाद। सभी देशवासियों को ईद मुबारक।’ ट्वीट में पीएम मोदी, अमित शाह और नड्डा को टैग भी किया।

Related Articles

Back to top button