एडीजी जीपी सिंह क्या कल हो सकते हैं सस्पेंड, मिली सनसनीखेज डायरी – कल एसीबी चीफ आरिफ शेख प्रेस कांफ्रेंस में करेंगे जांच का खुलासा

रायपुर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह के यहां एंटी करप्शन और ईओडब्लू की जांच पड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। जांच में जीपी के ठिकानों से पांच करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति का पता चला है। जांच कल दोपहर तक चलेगी। इसके तुरंत बाद एसीबी, ईओडब्लू चीफ आरिफ शेख प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा करेंगे।
उधर, जीपी सिंह के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। हो सकता है कल वे सस्पेंड भी हो जाएं। जीपी के ठिकानों से संपत्ति का ज्यादा डिटेल नहीं मिला है। आज शाम तक पांच करोड़ का कैलकुलेशन एसीबी टीम ने की है। मगर डायरी में संवेदनशील नोट मिले हैं।
इसमें पिछली सरकार के अफसरों और मंत्रियों का ब्यौरा है तो इस सरकार के खिलाफ भी काफी कुछ। पिछली सरकार के ताकतवर अधिकारी अमन सिंह और मुकेश गुप्ता के खिलाफ डायरी में काफी कुछ लिखा है। डायरी से पता चला है, जीपी दोनों अमन और मुकेश में न केवल आपस में मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहे थे बल्कि रायपुर के एक ताकतवर पूर्व मंत्री के साथ भी दोनों को भिड़ा रहे थे। जबकि, जीपी अमन सिंह के बेहद विश्वास प्राप्त थे।
डायरी में ये भी लिखा है कि अमन सिंह के खिलाफ एफआईआर करना ठीक रहेगा। एसीबी अधिकारी इस बात से हैरान हैं कि जीपी जो करते थे या सोचते थे, उसे डायरी में लिख देते थे। अमन सिंह को वे कोड वर्ड में अनोपचंद और मुकेश गुप्ता को तिलोकचंद लिखे हैं।
छापे के दूसरे दिन देर शाम एसीबी ने मीडिया को प्रेस नोट जारी किया, वो इस प्रकार है… नीचे देखें…
- गुरजिंदर पाल सिंह, उनकी धर्मपत्नी एवं पुत्र के नाम पर 75 से भी अधिक बीमा संबंधी दस्तावेज मिले हैं, जिनमें प्रीमियम के रूप में लाखों रूपये भुगतान किया जाना ज्ञात हुआ है।
- एक से अधिक एफयूएफ एकाउंट बनाये गये हैं जिनके आय एवं व्यय की गणना अभी की जा रही है। इसी तरह बैंकों एवं डाकघरों में कई खातों की जानकारी मिली है, जिसकी गणना की जा रही है।
- अब तक की जांच में 35 अवसरों पर शेयर एवं म्युचुअल फंड में बड़ी राशि का निवेश किया गया है। अब तक की गणना में 1.5 करोड़ से अधिक रकम शेयर एवं म्युचुअल फंड में निवेश किये जाने की जानकारी मिली है। गणना निरंतर जारी है।



