बीजेपी की बड़ी बैठक चुनाव को लेकर, पार्टी नेताओं को पीएम मोदी देंगे जीत का मंत्र

देश में लोकसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दलों में हलचल शुरू हो गई है। जहां एक तरह विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर मंथन चल रहा है। दूसरी ओर, भाजपा ने भी कमर कस ली है। शनिवार को भाजपा की शुरू होने वाली दो दिवसीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी का एजेंडा पेश कर सकते हैं।
भारत मंडपम’ में भाजपा का मेगा शो
शनिवार को ‘भारत मंडपम’ में होने वाली भाजपा की बैठक में लगभग 11,500 पार्टी सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। निर्वाचित पंचायत प्रमुखों से लेकर पार्टी जिला अध्यक्षों और कई केंद्रीय मंत्री इस मेगा बैठक में शामिल होंगे। गौरतलब है कि यह देश भर से भाजपा प्रतिनिधियों की सबसे बड़ी बैठकों में से एक होगी। भाजपा के कुछ नेताओं ने 1995 में पार्टी द्वारा मुंबई में आयोजित विशाल सम्मेलन को याद किया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बैठक का उद्धाटन करेंगे और पीएम मोदी रविवार को समापन भाषण देंगे।
भाजपा नेता करेंगे आगामी चुनावों पर मंथन
बैठक में मुख्यमंत्रियों, राज्य मंत्रियों, राज्य पार्टी अध्यक्षों और देश भर के संगठनात्मक नेताओं सहित वरिष्ठ भाजपा नेता भाग लेंगे। इस विशाल बैठक में देश भर से पार्टी के जिला निकायों और मोर्चों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। पिछले 10 वर्षों में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठकों में 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों से कुछ हफ्ते पहले दिल्ली में आयोजित दो बैठकें भी शामिल थीं। पार्टी नेताओं की मानें तो मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर बैठक में चर्चा हो सकती है। पार्टी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनावों में अपना पहला बहुमत हासिल किया और दो चुनावों से पहले परिषद की बैठकों के बाद 2019 में बड़ी जीत हासिल की।



