सीएसके की लगातार 5वीं हार,गेंदबाजी के बाद बल्ले से भी चमके नरेन

केकेआर को मिली जीत
केकेआर ने सुनील नरेन के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर सीएसके को आठ विकेट से हराया। केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और नरेन की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से सीएसके को 20 ओवर में नौ विकेट पर 103 रन पर रोक दिया। जवाब में नरेन ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया और 18 गेंदों पर दो चौके और पांच छक्कों की मदद से 44 रन बनाए जिसकी मदद से केकेआर ने 10.1 ओवर में दो विकेट पर 107 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। सीएसके के लिए अंशुल कंबोज और नूर अहमद को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर को क्विंटन डिकॉक और नरेन ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने 25 गेंदों पर 46 रन जोड़े। हालांकि, कंबोज ने डिकॉक को बोल्ड कर केकेआर को पहला झटका दिया जो 16 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नरेन ने आक्रामक पारी खेली और देखते ही देखते केकेआर का स्कोर 85 रन पहुंच गया। नरेन अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन नूर की गेंद पर वह बोल्ड हो गए। केकेआर ने इसके बाद रिंकू सिंह को पवेलियन भेजा जिन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।



