‘गदर’ की स्क्रिप्ट सुनकर डर गए थे गोविंदा,सनी देओल और अनिल में लगी थी शराब की शर्त, जानें क्यों सवा साल चली थी

15 जून 2001 को फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ रिलीज हुई थी, जिस में सनी देओल, अमरीश पुरी, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा लीड रोल में थे। फिल्म को दर्शकों की ओर से बंपर प्यार मिला था और फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी। फिल्म एक ऐसे शख्स की कहानी थी जो अपने प्यार को पाने के लिए पाकिस्तान जाता है और वहां सभी का बैंड बजा देता है। करीब 22 साल बाद फिल्म का सीक्वल बन रहा है। फिल्म को एक बार फिर अनिल शर्मा निर्देशित करेंगे। फिल्म गदर 2 की रिलीज से पहले आपको फिल्म के पहले पार्ट के बारे में कुछ किस्से बताते हैं…
‘गटर: एक प्रेम कथा…’
गदर की रिलीज के वक्त मल्टीप्लेक्स का चलन नहीं था और सिंगल थिएटर्स में फिल्म को दर्शकों ने बेशुमार प्यार दिया। आलम कुछ ऐसा था कि टिकिट खत्म हो जाते थे लेकिन लोग नहीं। लंबे वक्त तक फिल्म हाउसफुल चलती रही। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुबह 3 बजे से फिल्म के शोज शुरू हो जाते थे और साथ ही लोग सीट्स पर ही नहीं बल्कि थिएटर्स में जमीन पर बैठकर और खड़े होकर भी फिल्म देखते थे। अब कमाल की बात ये है कि ये वही फिल्म है, जिसे कई क्रिटिक्स ने बेकार बता दिया था, एक रिव्यू में तो फिल्म के लिए लिखा गया था- ‘गटर: एक प्रेम कथा’।
स्क्रिप्ट सुनकर डर गए थे गोविंदा
कहा जाता है कि गदर के लिए पहली पसंद सनी देओल नहीं बल्कि गोविंदा था, लेकिन निर्देशक अनिल ने हमेशा ही इसे अफवाह बताया। बकौल अनिल, गोविंदा को कभी साइन नहीं किया गया था। वैसे अनिल ने गोविंदा को फिल्म महाराजा के सेट पर स्क्रिप्ट सुनाई थी, जिसे सुनकर गोविंदा डर गए थे। गोविंदा का कहना था कि इतने बड़े स्केल की फिल्म कैसे बनेगी? उस पर भी पाकिस्तान का सेट इंडिया में बनाना,उस वक्त काफी मुश्किल था।
सवा साल हुआ शूट और सनी- अनिल की शराब की शर्त
गदर का शूट करीब सवा साल तक हुआ था, जिसकी वजह थे सनी देओल। दरअसल दरअसल फिल्म में सनी देओल को एक लंबे समय के लिए दाढ़ी बढ़ाकर रखनी थी, लेकिन वो ब्रेक लेकर दूसरी पिक्चर शूट करने चले जाते और वहां क्लीन शेव होने और फिर दाढ़ी बनाने में वक्त लगता। जिससे गदर का शूटिंग टाइम बढ़ता गया। शूट के अलावा कहा ये भी जाता है कि अनिल और सनी के बीच शर्च लगी थी कि अगर फिल्म को प्रीमियर पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला तो दोनों शराब पिएंगे। फिल्म सुपरहिट हुई और खूब पार्टीज हुईं। शराब न पीने वाले सनी और अनिल ने भी उस वक्त जरा सी शराब पी थी।



