मुंबई की 4 विकेट से जीत, पोलार्ड की तूफानी पारी में उड़ा चेन्नई

BY-एजेंसी
नई दिल्ली।कैरेबियाई तूफानी ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड (नाबाद 87 रन, 34 गेंदें, 6 चौके और 8 छक्के) ने शनिवार को करिश्माई पारी खेलते हुए 218 रन बनाने वाली चेन्नई सुपर किंग्स को हार के लिए मजबूर कर दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने फाफ डु प्लेसिस, मोईन अली और अंबाती रायुडू के अर्धशतकों की मदद से 4 विकेट पर 218 रन बनाए, जो उसका मुंबई के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। जवाब में मुंबई ने पोलार्ड की विध्वंसक पारी के दम पर आखिरी गेंद पर 219 रन बनाकर 4 विकेट से जीत दर्ज की।
चेन्नई की पारी का रोमांच
फाफ डु प्लेसिस (50) और मोईन अली (58) की शतकीय साझेदारी के बाद अंबाती रायुडू की नाबाद 72 रन की आतिशी पारी के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में शनिवार को यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 218 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। रायुडू ने महज 20 गेंद में अपना 20वां अर्धशतक पूरा करने के बाद 27 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और सात छक्के जड़े। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए जडेजा के साथ 102 रन अटूट साझेदारी की जिसमें जड़ेजा का योगदान 22 गेंद में सिर्फ 22 रन का था।
बुमराह सबसे महंगे गेंदबाज
चेन्नई की टीम ने 2008 के बाद पहली बार मुंबई के खिलाफ 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इससे पहले शुरुआती ओवर में रितुराज गायकवाड के आउट होने के बाद डु प्लेसिस और मोईन ने दूसरे विकेट लिए 108 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी। मोईन ने 36 गेंद में चार चौके और पांच छक्के जड़े । मुंबई के लिए कायान पोलार्ड सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने दो ओवर में महज 12 रन देकर दो विकेट झटके। मुंबई के मुख्य गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में एक विकेट लेकर 56 रन लुटाए, जो उनका सबसे महंगा स्पैल रहा।



