6 IAS अफसरों के तबादले, CM सचिवालय का अतिरिक्त प्रभार अंकित आनंद को , प्रभात मलिक गरियाबंद कलेक्टर बने

छत्तीसगढ़ सरकार ने मंगलवार को IAS की तबादला सूची जारी की है, जिसमें 6 अफसरों के नाम है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत द्वारा जारी आदेश के मुताबिक आईएएस अंकित आनंद को ऊर्जा विभाग के सचिव व छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी के अध्यक्ष के साथ ही मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
मंगलवार की शाम मंत्रालय से जारी आदेश के मुताबिक गरियाबंद जिले की कलेक्टर नम्रता गांधी को मंत्रालय में पदस्थ किया गया है। उन्हें संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रायपुर नगर निगम के आयुक्त प्रभात मलिक को गरियाबंद जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। रायगढ़ के जिला पंचायत सीईओ रवि मित्तल को रायपुर का नया जिला पंचायत सीईओ बनाया गया है।
रायपुर जिपं के सीईओ को रायपुर निगम आयुक्त बनाया
जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी को नगर निगम रायपुर का नया कमिश्नर बनाया गया है। चतुर्वेदी रायपुर नगर निगम के साथ स्मार्ट सिटी के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। वहीं दंतेवाड़ा जिले के अनुविभागीय अधिकारी अबिनाश मिश्र को रायगढ़ जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है।



