IPL 2021: चौथी बार चेन्नई सुपर किंग्स बनी चैंपियन , खिताबी मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स को 27 रन से हराया

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के फाइनल मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 27 रन से हराकर चौथी बार खिताब पर कब्जा जमाया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में चेन्नई ने टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के जोरदार खेल के दम पर कोलकाता को जीत के लिए 193 रनों का टारगेट दिया था, जिसके जवाब में इयोन मोर्गन की अगुवाई वाली टीम 9 विकेट के नुकसान पर 165 रन ही बना सकी और अपने तीसरे खिताब से चूक गई।
11:25 PM: 19 ओवरों के बाद कोलकाता का स्कोर 162-8 है। कोलकाता को आखिरी ओवर में जीत के लिए 31 रन चाहिए।
11 :10 PM: जोस हेजलवुड ने कोलकाता के कप्तान इयोन मोर्गन को आउट कर अपनी टीम की जीत पर लगभग मुहर लगा दी है। 17 ओवरों के बाद कोलकाता का स्कोर 127-8 है। टीम को यहां से जीत के लिए 18 गेंदों पर 66 रनों की जयरत है।
11:03 PM: शार्दुल ठाकुर ने इस मैच में कोलकाता की पारी को तहस-नहस कर दिया है। उन्होंने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर राहुल त्रिपाठी को मोईन अली के हाथों कैच आउट कराया। यह उनका इस पारी का तीसरा विकेट है।
10:56 PM: जडेजा ने एक ही ओवर में कार्तिक और फिर शाकिब अल हसन को आउट कर टीम को खिताब के और करीब ला दिया है। 15 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर 120-6 है। टीम को अब कप्तान इयोन मोर्गन से उम्मीदें हैं।
10:52 PM: इस मैच में चेन्नई पूरी तरह हावी दिख रही है। 15वें ओवर में जडेजा ने दिनेश कार्तिक को अंबाती रायुडू के हाथों कैच आउट करा कोलकाता को पांचवां झटका दिया है।
10:45 PM: कोलकाता के लगातार विकेट गिरने का सिलसिला जारी है। टीम को अब टिक कर खेल रहे शुभमन गिल के रूप में बड़ा झटका लगा है। गिल 51 रन बनाकर आउट हुए।
10:42 PM: शुभमन गिल ने इस मैच में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली है। टीम को यहां से अगर जीत हासिल करनी है तो गिल को अंत तक खेलना होगा।
10:39 PM: चेन्नई के गेंदबाजों ने इस मैच में टीम की वापसी करा दी है। शार्दुल के दो विकेट झटकने के बाद अब जोस हेजलवुड ने सुनील नरेन को रविंद्र जडेजा के हाथों कैच आउट करा टीम को तीसरी सफलता दिला दी है।
10:32 PM: शार्दुल ने एक ही ओवर में वेंकटेश अय्यर और फिर नितीश राणा को पवेलियन की राह दिखाकर टीम की मैच में वापसी कर दी है। नितीश अपनी इस पारी में खाता भी नहीं खोल सके। कोलकाता का स्कोर 93-2 है।
10:29 PM: 11वें ओवर की चौथी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने खतरनाक वेंकटेश अय्यर को पवेलियन भेजा और टीम को कुछ राहत दी। वेंकटेश 36 गेंदों पर 50 रन बनाकर आउट हुए।
10:23 PM: कोलकाता की पारी के आधी ओवर हो चुके हैं और यहां टीम ने बिना किसी नुकसान के 88 रन बना लिए हैं। गिल और वेंकटेश ने मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी है। इस समय वेंकटेश 50 और गिल 36 रन बनाकर खेल रहे हैं।
10:15 PM: कोलकाता की पारी का आठवां ओवर डालने आए रविंद्र जडेजा ने पहली पांच गेंदों पर 3 रन दिए लेकिन लास्ट बॉल पर छक्का खा गए। इसके साथ इस ओवर में 9 रन आए और अब टीम का स्कोर 68 हो गया है।
10:06 PM: कोलकाता की सलामी जोड़ी ने एक बार फिर अपनी टीम को बेहतरीन शुरुआत दी है। गिल और वेंकटेश ने मिलकर 7 रन ओवर में 59 रन जोड़ दिए हैं। टीम को यहां से जीत के लिए अब 78 गेंदों पर 134 रन चाहिए।
9:56 PM: पावरप्ले के छठे और आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर कोलकाता ने 50 रन पूरे कर लिए हैं। वेंकटेश इस समय 30 रन बनाकर नाबाद हैं और अपनी फिफ्टी लगाने के नजदीक हैं।
9:50 PM: शुभमन गिल और वेंकटेश अय्यर की ओपनिंग जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। 4 ओवरों में टीम ने बिना किसी नुकसान के 36 रन बना लिए हैं। इस समय तक अय्यर 21 और गिल 13 रन बनाकर खेल रहे हैं।
9:39 PM: दो ओवरों के बाद कोलकाता का स्कोर बिना किसी नुकसान के 15 रन है। दूसरे ओवर में वेंकटेश अय्यर को उस समय जीवनदान मिला, जब धोनी ने जोश हेजलवुड की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया। यहां अय्यर ने अगली ही गेंद पर जोरदार छक्का जड़ा।
9:32 PM: कोलकाता की टीम ने चेन्नई से मिले 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करना शुरू कर दिया है। टीम के लिए शुभमन गिल और वेंकटेश अय्यर की जोड़ी क्रीज पर है।
9:17 PM: 19.6 ओवर में शिवम मावी की गेंद पर फाफ डुप्लेसी हुए 86 रन बनाकर आउट। इसके साथ ही 20 ओवर में सीएसके ने 3 विकेट गंवाकर 192 रन बनाए हैं। आईपीएल 2021 के खिताब को अपने नाम करने के लिए केकेआर को 193 रन बनाने होंगे।
9:04 PM: पैसा वसूल पारी खेली है फाइनल मुकाबले में फाफ डुप्लेसी ने। 18 ओवर का खेल हो चुका है और सीएसके ने स्कोर बोर्ड पर 2 विकेट गंवाकर 172 रन लगा दिए हैं। मोईन अली 23 और डुप्लेसी 80 रन बनाकर खेल रहे हैं। फुर्ग्यूसन के इस ओवर में फाफ ने एक चौका और सिक्स समेत कुल 19 रन बटोरे।
8:58 PM: मोईन अली ने शिवम मावी के इस ओवर में दो गगनचुंबी छक्के लगाए और ओवर से 14 रन बटोरे। 17 ओवर के बाद सीएसके ने 2 विकेट गंवाकर 153 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। फाफ 69 और मोईन अली 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।
8:51 PM: चेन्नई अब बड़े स्कोर की तरफ बढ़ती दिख रही है। टीम ने 16 ओवर में 2 विकेट गंवाकर स्कोर बोर्ड पर 139 रन लगा दिए हैं। मोईन अली 3 और फाफ डुप्लेसी 68 रन बनाकर खेल रहे हैं। आखिरी चार ओवर का अब खेल बचा है और सीएसके अब यहां से कम से कम 40 से 50 रन जरूर बनाना चाहेगी।
8:42 PM: 14 ओवर का खेल हो चुका है और सीएसके ने स्कोर बोर्ड पर 2 विकेट गंवाकर 125 रन लगा दिए हैं। डुप्लेसी लय में दिख रहे हैं और 57 रन बनाकर खेल रहे हैं। मोईन अली 1 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं। आखिरी छह ओवरों का खेल बचा है अब।
8:37 PM: 13.3 ओवर में सुनील नरेन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए रॉबिन उथप्पा। उथप्पा अच्छी लय में दिखाई दे रहे थे और 15 गेंदों में 31 रनों की आतिशी पारी खेलकर आउट हुए। केकेआर को मिली फाइनल मुकाबले की दूसरी सफलता। नए बल्लेबाज के रूप में मोईन अली क्रीज पर उतरे हैं। मोईन की फॉर्म यूएई में कुछ खास नहीं रही है, पर फाइनल में आज उनको दम दिखाना होगा।
8:28 PM: 12 ओवर का खेल हो चुका है और सीएसके ने एक विकेट गंवाकर स्कोर बोर्ड पर 104 रन लगा दिए हैं। फाफ डुप्लेसी 55 और रॉबिन उथप्पा 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। चेन्नई के 100 रन पूरे हो गए हैं और केकेआर के स्पिन गेंदबाज आज उनके काम नहीं आ रहे हैं।
8:24 PM: 10.6 ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर फाफ डुप्लेसी ने जड़ा सिक्स और इसके साथ ही उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया है। फाफ ने अपनी फिफ्टी पूरी करने के लिए महज 35 गेंदें ली। चेन्नई मजबूत स्थिति में दिख रही है।
8:18 PM: फाइनल मुकाबले में चेन्नई की आधी पारी खत्म हो चुकी है और 10 ओवर के बाद सीएसके ने एक विकेट खोकर 80 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। फाफ डुप्लेसी 37 और रॉबिन उथप्पा 9 रन बनाकर खेल रहे हैं। शाकिब के इस ओवर में एक सिक्स डुप्लेसी ने जड़ा तो ओवर की आखिरी बॉल पर उथप्पा ने भी अपने हाथ खोले।
8:10 PM: 8.1 ओवर में सुनील नरेन की गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ ने थमाया शिवम मावी को कैच। ऋतुराज 27 गेंदों का सामना करने के बाद 32 रन बनाकर आउट हुए। केकेआर को मिली फाइनल मैच की पहली सफलता।
8:07 PM: क्या धमाकेदार शुरुआत दी है चेन्नई की सलामी जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में। 8 ओवर का खेल हो चुका है और सीएसके ने बिना कोई विकेट गंवाए 61 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 32 और फाफ डुप्लेसी 27 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है।
8:00 PM: 6 ओवर का खेल हो चुका है और सीएसके ने बिना कोई विकेट गंवाए 50 रन बना लिए हैं। फाफ डुप्लेसी 22 और ऋतुराज गायकवाड़ 26 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों ही सलामी बल्लेबाज फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
7:50 PM: अब फाफ डुप्लेसी ने भी हाथ खोलना शुरू कर दिया है। लॉकी फर्ग्यूसन के इस ओवर में फाफ ने अपनी पारी का पहला चौका जड़ा। 4 ओवर के बाद सीएसके ने बिना कोई विकेट गंवाए 34 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। ऋतुराज 23 और डुप्लेसी 10 रन बनाकर खेल रहे हैं।
7:44 PM: शाकिब के इस ओवर में ऋतुराज गायकवाड ने हाथ खोले और एक चौका और सिक्स लगाया। तीन ओवर के बाद सीएसके ने बिना कोई विकेट गंवाए स्कोर बोर्ड पर 22 रन लगा दिए हैं। गायकवाड़ 18 और फाफ डुप्लेसी 3 रन बनाकर खेल रहे हैं।
7:34 PM: पहले ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 6 रन बना लिए हैं। डुप्लेसी 1 और ऋतुराज गायकवाड़ फाइनल मुकाबला का पहला चौक जड़कर 5 रन बनाकर खेल रहे हैं।
7:30 PM: फाइनल मुकाबले में चेन्नई की तरफ से पारी का आगाज करने के लिए ऋतुराज गायकवाड़ और फाफ डुप्लेसी की सलामी जोड़ी मैदान पर उतरी है। गायकवाड़ का बल्ला पहले क्वालीफायर में जमकर बोला था। डुप्लेसी को भी आज अपना दम दिखाना होगा। शाकिब पहला ओवर फेंक रहे हैं।
7:16 PM: दिलचस्प आंकड़ा यह है कि आईपीएल 2021 में चेन्नई को उन सभी पांच मैचों में हार मिली है, जिसमें टीम ने पहले बल्लेबाजी की है। वहीं, केकेआर यूएई लेग में चेज करते हुए अपने सभी छह मैचों में जीत हासिल की है। आंकड़ों का गणित आप समझ गए होंगे किसकी तरफ इशारा कर रहा है।
7:08 PM: दोनों ही कप्तानों ने अपने विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की है। केकेआर की सबसे बड़ी ताकत उनकी स्पिन तिकड़ी रही है। सुनील नरेन, शाकिब अल हसन और वरुण चक्रवर्ती ने बल्लेबाजों को यूएई की धरती पर खूब नाच नचाया है। दूसरी ओर चेन्नई के बॉलर्स ने डेथ ओवरों में काफी अच्छा काम किया है, चाहे वो शार्दुल रहे हों या फिर ब्रावो।
7:06 PM: दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है-
कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेइंग XI: शुभमन गिल, वेंकटेश अय्यर, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी, दिनेश कार्तिक, इयोन मोर्गन (कप्तान), शाकिब अल हसन, सुनील नरेन, लॉकी फर्ग्यूसन, शिवम मावी, वरुण चक्रवर्ती।
चेन्नई सुपर किंग्स प्लेइंग XI: ऋतुराज गायकवाड़, फाफ डुप्लेसी, रॉबिन उथप्पा, मोईन अली, अंबाती रायडू, एमएस धोनी (कप्तान), रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, ड्वेन ब्रावो, दीपक चाहर, जोश हेजलवुड।



