असम में छह करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त, पांच गिरफ्तार

असम में दो अलग-अलग अभियानों में लगभग छह करोड़ रुपये की नशीली दवाएं जब्द की गईं। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी। गुवाहटी के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के जवानों ने शुक्रवार की रात पलटन बाजार के एक होटल में अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने 416 ग्राम हेरोइन जब्त की। इसकी कीमत 2.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि होटल से चार लोगों को पकड़ा गया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “एसटीएफ असम ने देर रात अभियान चलाकर गुवाहटी के पलटन बाजार के एक होटल में चार तस्करों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 416 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। हम राज्य के युवाओं को प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन से बचाने के लिए #AssamAgainstDrugs के अपने मिशन को जारी रखेंगे।”

 

नागांव में एक दूसरे अभियान में 3.5 करोड़ रुपये से अधिक की नशीली दवाएं जब्त की गई। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री सरमा ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा, “पकड़े गए एक व्यक्ति ने जानकारी दी थी, जिसके बाद नागांव पुलिस ने अभियान चलाकर एक वाहन को रोका और उसमें से 532.46 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस ड्रग्स की कीमत 3.5 करोड़ रुपये है।”

 

 

कोविड से पहले जितनी ट्रेनें चलती थी, अगले साल से उतनी ही चलेंगी

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) में अगले साल जनवरी से ट्रेनों की संख्या सामान्य हो जाएगी। अब उतनी ही ट्रेनें चलेंगी जितनी कोविड से पहले चला करती थी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई। रेलवे बोर्ड के निर्णय के अनुसार, सभी एनएफआर के स्वामित्व वाली यात्री ट्रेनें नियमित नंबरों के साथ चलेंगी।

विज्ञप्ति में कहा गया, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कोविड-19 से पहले जैसा चल रहा था, वैसे ही सभी यात्री ट्रेनों को उनके नियमित नंबरों के साथ चलाने का फैसला किया है। जनवरी 2025 से सभी 60 जोड़ी यात्री ट्रेनें अपने पुराने ट्रेन नंबरों के साथ चलेंगी। 60 जोड़ी में से चार जोड़ी तिनसुकिया डिवीजन से, 19 जोड़ी लुमडिंग डिवीजन से, 10 जोड़ी रंगिया डिवीजन से, छह जोड़ी अलीपुरद्वार डिवीजन से और 21 जोड़ी कटिहार डिवीजन से संचालित होंगी। सभी 60 जोड़ी ट्रेनों के स्टॉपेज और समय का विवरण आईआरसीटीसी वेबसाइट पर उपलब्ध है।

 

गुवाहटी एयरपोर्ट पर विमानों और यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी
गुवाहाटी एयरपोर्ट पर इस साल आने वाले विमानों और यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुवाहाटी के गोपीनाथ बोरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआईए) का संचालन करने वाली कंपनी के मुताबिक इस साल अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या और विमान आवागमन के मामले में रिकॉर्ड कायम हुआ है। यह संख्या ‘अब तक की सबसे अधिक’ है। घरेलू यात्रियों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है। 6.26 मिलियन घरेलू और 85,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय यात्रियों ने आगमन-प्रस्थान के लिए इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया। घरेलू यात्रियों में से 3.09 मिलियन आगमन वाले रहे, जबकि 3.17 मिलियन यात्रियों ने यहां से दूसरी जगहों के लिए प्रस्थान किया। बात अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की करें तो गुवाहाटी हवाईअड्डे से पारो, मलेशिया और सिंगापुर के लिए सीधी विमान सेवा उपलब्ध है।

 

Related Articles

Back to top button