IPL 2021 : चेन्नई और दिल्ली के बीच आज होगा जबरदस्त मुकाबला! जानिए किसका पलड़ा रहेगा भारी?

इंडिया का त्योहार यानी आईपीएल का शुभारंभ हो चुका है। पहला ही मैच रोमांच की सारी हदों को पार कर गया, आखिरी बॉल पर बैंगलोर ने मुंबई को दो विकेट से हराया। दूसरी ओर आज एक और शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा। जहां दिल्ली की टक्कर होगी तीन बार की विजेता चेन्नई से। गुरु और चेले की यह जंग मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगी। श्रेयस अय्यर की गैैरमौजूदगी में दिल्ली की कमान संभाल रहे युवा ऋषभ पंत को विश्व विजेता कप्तान धोनी का शागिर्द माना जाता है। चेन्नई का पिछला सीजन काफी खराब रहा था।
वहीं दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले साल अपना पहला आईपीएल फाइनल खेला था। आज होने वाले मुकाबले में दोनों ही टीमें जीत के साथ आगाज करना चाहेगी। इस रोमांचक मुकाबले में इन पांच खिलाड़ियों पर पूरी दुनिया की नजरें जमी होगी।
शिखर धवन: बीता सीजन गब्बर के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा था। जहां एक तरफ उन्होंने पिछले सीजन के शुरुआती छह मुकाबलों में 122.22 की स्ट्राइक रेट से केवल 132 रन ही बनाए थे। रन के लिए तरसता यह खब्बू बल्लेबाज आखिरी 11 मुकाबलों में जमकर गरजा। गियर शिफ्ट करते हुए 11 मुकाबलों में 152.35 की स्ट्राइक रेट से 486 रन पीट दिए। यह धवन का ही कमाल था कि उनकी टीम पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना पाई। यूएई में खेले गए इस 13वें सीजन में उन्होंने कुल 618 रन बनाए थे, जिसमें दो शानदार शतक भी शामिल थे। इस साल भी दिल्ली को अपने इस अनुभवी ओपनर से आक्रामक शुरुआत की उम्मीद होगी।
ऋषभ पंत: श्रेयस अय्यर के न होने पर दिल्ली के नए कप्तान ऋषभ पंत पर अब दोहरी जिम्मेदारी होगी। पिछला आईपीएल ऋषभ के लिए कुछ खास नहीं था। वहीं टीम इंडिया के लिए खेलते हुए 4-5 महीनों में पंत का प्रदर्शन काफी बेहतरीन रहा है। इस साल आईपीएल में ऋषभ अपनी दोनों जिम्मेदारीयों को बखूबी निभाकर दिल्ली की टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश करेंगे।
सुरेश रैना: यूं ही नहीं बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को मिस्टर आईपीएल कहा जाता है। रैना का नाम आईपीएल इतिहास के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में लिया जाता है। वह विराट कोहली के बाद टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन स्कोरर हैं। रैना का आईपीएल में 137.14 का स्ट्राइक रेट और 33.34 का औसत है। बीते सीजन वह निजी कारणों की वजह से आईपीएल नहीं खेल पाए थे। इस साल रैना एक बार फिर यैलो जर्सी में नजर आएंगे। चिन्ना थाला चेन्नई सुपरकिंग्स के फैंस को निराश नहीं करना चाहेंगे।
स्टीव स्मिथ: मौजूदा दौर में विश्व क्रिकेट के बिग थ्री में शुमार स्मिथ खेल के हर फॉर्मेट में फिट हैं। हाल ही में संपन्न हुई एकदिवसीय सीरीज में भारत के खिलाफ उनका बल्ला जमकर बोला। बीता आईपीएल सीजन भी ठीक-ठाक ही था, लेकिन राजस्थान रॉयल्स ने अपने कप्तान को ही नीलामी से पहले बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस बार स्टीव स्मिथ अपने हमवतन कोच रिकी पोंटिंग की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। यह रचनात्मक खिलाड़ी अपना दिन होने पर अकेले मैच फिनिश करना जानता है।
एमएस धोनी: चेन्नई के कप्तान धोनी के लिए पिछला आईपीएल एक बुरे सपने जैसा था। पिछले साल धोनी और उनकी टीम के खराब प्रदर्शन पर काफी लोगों ने सवाल उठाए थे। पिछले साल आईपीएल में धोनी ने 116.27 के स्ट्राइक रेट से केवल 200 रन ही बनाए थे। इस साल आईपीएल में माही नए जोश के साथ मैदान में उतरेंगे। वहीं उनके फैन्स भी अपने कप्तान को पुराने अंदाज में देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



