9 लाख की उठाईगिरी महासमुंद में , कार में पैसा रखकर घर गया राइस मिल संचालक, शीशा तोड़कर रुपये ले गए बदमाश

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक राइस मिल संचालक उठाईगिरी का शिकार हो गया। राइस मिल संचालक घर के बाहर कार खड़ी कर अंदर गया और वापस लौटा तब 9 लाख रुपये गायब थे। कार का शीशा टूटा हुआ था। राइस मिल संचालक ने यह रुपये कर्मचारियों को वेतन देने के लिए बैंक से निकाला था। दिनदहाड़े उठाईगिरी की यह वारदात पिथौरा थाना क्षेत्र में हुई है। सूचना पर पहुंची आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चितरंजन चौधरी राइस मिल का संचालक है। बुधवार की सुबह 11 बजे वह बैंक गया और 9 लाख 20 हजार रुपये निकालकर कर्मचारी कॉलोनी लहरौद स्थित अपने घर पहुंचा। घर के बाहर कार खड़ी कर वह अपने कमरे में गया। कुछ देर बाद जब वापस लौटा तो उनकी कार का शीशा टूटा हुआ था और अंदर रुपये से भरा बैग गायब था। बदमाशों ने कार के सामने डोर का शीशा तोड़ा है। कार घर के बाउंड्रीवाल के अंदर ही पार्क की गई थी, इसके बाद भी शीशा टूटने या किसी तरह की आवाज किसी ने नहीं सुनी। रास्ते में चलने वाले किसी ने कुछ देखा भी नहीं।

आशंका, रेकी कर वारदात को दिया अंजाम
संचालक चितरंजन चौधरी ने पुलिस को बताया कि राइस मिल में काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन व अन्य भुगतान के लिए बैंक से रुपये निकाले थे। सूचना पर पहुंची पिथौरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का अनुमान है कि बदमाशों ने रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों को पहले से जानकारी थी कि राइस मिल संचालक रुपये निकालने वाला है। रुपये निकालने से लेकर घर पहुंचने तक बदमाशों ने पीछा किया होगा। घर के बाहर कार खड़ी करते ही मौका देखकर रुपये पार कर दिए। दिनदहाड़े उठाईगिरी से लोगों में दहशत है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button