हत्या के प्रयास के मामले में व्यक्ति को उम्र कैद की सजा , आक्रोशित दोषी ने जज पर फेंकी चप्पल

तेलंगाना के हैदराबाद में हत्या के प्रयास के एक मामले में उम्रकैद की सजा दिए जाने से आक्रोशित दोषी व्यक्ति ने गुरुवार को यहां अदालत कक्ष में एक महिला जज की तरफ कथित रूप से चप्पल फेंकी। पुलिस ने यह जानकारी दी
पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब आरोपी को हत्या के एक अन्य मामले की सुनवाई के लिए अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (एडीजे) की अदालत के समक्ष पेश किया गया था। पुलिस के मुताबिक, हालांकि चप्पल जज को नहीं लगी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘अदालत ने 11 फरवरी को हत्या के प्रयास के एक मामले में दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उसी व्यक्ति को आज हत्या के एक अन्य मामले में उसी अदालत में पेश किया गया।’
रंगारेड्डी जिला न्यायालय बार एसोसिएशन ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। वकीलों ने अदालत परिसर में दोषी को पकड़कर कथित तौर पर पीटा।
जिला न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वाई कोंडल रेड्डी ने कहा कि उम्रकैद की सजा पाने वाला दोषी जज से नाराज था और उसने चप्पल फेंक दी। रेड्डी ने जज पर ‘हमला’ करने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘जज पर हमले की कड़ी निंदा करते हुए हमने शुक्रवार को अदालती कार्यवाही का बहिष्कार करने का आह्वान किया है।’ पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।



