FEATURED

रक्षाबंधन पर उर्मिला फाउंडेशन की अनूठी पहल, मरीजों की कलाई पर राखी बांध नम्रता सिंह ने दिया परिवार का एहसास

 

भाटा गांव, रायपुर।रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उर्मिला फाउंडेशन की डायरेक्टर नम्रता सिंह ने मानवता और सेवा की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की। उन्होंने उर्मिला मेमोरियल मॉडल हॉस्पिटल भाटा गांव में भर्ती मरीजों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें पारिवारिक माहौल का एहसास कराया।

 

इस अवसर पर नम्रता सिंह ने स्वयं वार्डों में जाकर प्रत्येक मरीज को रक्षा सूत्र बांधा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस पहल से अस्पताल में भर्ती मरीजों में भारी उत्साह और भावुकता देखने को मिली। घर-परिवार से दूर इलाज करा रहे मरीजों के चेहरे पर इस अनोखे आयोजन से मुस्कान लौट आई।

 

इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए *उर्मिला फाउंडेशन की डायरेक्टर नम्रता सिंह* ने बताया कि इस आयोजन के पीछे उनका मूल उद्देश्य घर-परिवार से दूर रहकर इलाज करा रहे मरीजों को पारिवारिक माहौल देना है। त्यौहार के दिन मरीज अक्सर अकेलापन महसूस करते हैं, ऐसे में छोटी-छोटी खुशियां उनके मनोबल को बढ़ाती हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने में मदद करती हैं।

 

नम्रता सिंह के साथ-साथ अस्पताल की *पैरामेडिकल टीम* ने भी सभी मरीजों को राखी बांधकर सेवा धर्म और पारिवारिक माहौल का वचन दिया। पैरामेडिकल टीम ने मरीजों से कहा कि जब तक वे अस्पताल में हैं, अस्पताल की पूरी टीम ही उनका परिवार है और उनकी सेवा और सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी हमारी है।

 

इस दौरान अस्पताल परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। पूरे अस्पताल को फूलों और राखियों से सजाया गया था। पैरामेडिकल टीम ने एक-दूसरे को भी राखी बांधकर भाईचारे का संदेश दिया। मरीजों ने भी टीम को राखी बांधकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी मरीजों को मिठाई और फल वितरित किए गए।

 

उर्मिला मेमोरियल मॉडल हॉस्पिटल के *मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह* ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उर्मिला फाउंडेशन और उर्मिला हॉस्पिटल का उद्देश्य सिर्फ इलाज देना नहीं, बल्कि मरीजों को मानसिक और भावनात्मक सहारा देना भी है। यही हमारी सेवा की असली पहचान है।

 

भाटा गांव में उर्मिला हॉस्पिटल द्वारा मनाए गए इस अनोखे रक्षाबंधन की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

Related Articles

Back to top button