केकेआर ने दिल्ली कैपिटल्स को 14 रन से हराया, सुनील नरेन ने झटके तीन विकेट

केकेआर के लिए सुनील नारायण का जादू जमकर चला और दिल्ली अपने ही घर में एक और मैच हार गई। सुनील नारायण ने पहले बल्लेबाजी, फिर गेंदबाजी, रन आउट और आखिर के ओवरों में कप्तानी संभालते हुए दिल्ली कैपिटल्स को अपने सामने नतमस्तक करवा लिया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को 14 रन से हराकर प्ले ऑफ में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा। इस हार के बावजूद दिल्ली की टीम 10 मैच में 12 अंक के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। नाइट राइडर्स इतने ही मुकाबलों में नौ अंक के साथ सातवें स्थान पर है।
दिल्ली की पिछले चार मैच में यह तीसरी हार है। नाइट राइडर्स के 205 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम नारायण (29 रन पर तीन विकेट) और चक्रवर्ती (39 रन पर दो विकेट) की बलखाती गेंदों के सामने डु प्लेसी (62 रन, 45 गेंद, सात चौके, दो छक्के) के अर्धशतक और कप्तान अक्षर पटेल (43 रन, 23 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) के साथ उनकी चौथे विकेट की 76 रन की साझेदारी के बावजूद नौ विकेट पर 190 रन ही बना सकी।
दिल्ली की ओर से डु प्लेसी और अक्षर के अलावा विपराज निगम (38 रन, 19 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए।



