उदयपुर में कितने ‘कन्हैया’? एक और शख्स को जान का खतरा, रियाज ने दी थी धमकी

उदयपुर. कन्हैयालाल की हत्या के बाद उदयपुर में एक और व्यक्ति को अपनी जान का खतरा सता रहा है, जिन्हें नूपुर शर्मा के समर्थन को लेकर रियाज ने धमकी मिली थी। जैन समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उदयपुर के डीएम से मुलाकात करके उदयपुर के सेक्टर-11 में रहने वाले शख्स के परिवार को कट्टरपंथियों से सुरक्षा देने की मांग की। मंगलवार को दर्जी कन्हैयालाल का गला रेतने वाले आरोपी रियाज अत्तारी ने 17 जून को बनाए एक वीडियो में इस शख्स का जिक्र करते हुए कहा था कि उसका भी सिर कलम करना है।
हत्याकांड के बाद वीडियो के सामने आने के बाद सेक्टर-11 में रहने वाला यह शख्स सदमें में आ गया, क्योंकि उसके खिलाफ एक मुस्लिम व्यक्ति की ओर से भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करने को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। श्री महावीर सेना के अध्यक्ष यशवंत अचलिया ने कहा कि माफी मांगने के बाद मामला सुलझ गया, लेकिन कुछ लोग गोवर्धन विलास इलाके में उसकी दुकान की रेकी कर रहे थे। अचलिया ने कहा क डर के मारे कुछ दिनों के लिए अपनी दुकान बंद कर रखी थी। अचलिया ने शुक्रवार को उदयपुर डीएम को परिवार को सुरक्षा मुहैया संबंधी ज्ञापन दिया।
ताकि कन्हैया जैसी घटना दोबारा ना हो
अचलिया ने बताया कि प्रसारित वीडियो में आरोपी रियाज अख्तारी सेक्टर-11 में व्यक्ति के सिर काटने की बात कर रहा था। उन्होंने कहा कि डीएम से मामले को गंभीरता से लेन का अनुरोध किया है, ताकि उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड जैसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग, हो चुकी है रेकी
अचलिया ने कहा कि घर के बाहर 24 घंटे सुरक्षा की व्यवस्था की गई है, लेकिन इसे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ लोग कुछ दिनों से इस शख्स की दुकान की रेकी कर रहे थे। जो लोग रेकी कर रहे थे, उनकी तस्वीरें गुरुवार को पुलिस को उपलब्ध करा दी गई। उदयपुर के सवीना थानाधिकारी ने बताया कि कुछ दिन पहले इस शख्स के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी और बाद में मामला शांत हो गया था। उन्होंने बताया कि सेक्टर 11 स्थित उनके घर के बाहर दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।



